रविवार को ठाणे और कल्याण के बीच फास्ट लाइन पर मेगा ब्लॉक रहेगा।
पनवेल, वाशी और बांद्रा जाने वाली कई लोकल ट्रेनें छह घंटे रद्द रहेंगी।
चर्चगेट से मुंबई सेंट्रल के बीच स्लो लाइन पर पांच घंटे ब्लॉक रहेगा।
Western Railway Jumbo Block: मुंबई में रविवार, 22 को लोकल ट्रेन से यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मध्य रेल और पश्चिम रेलवे ने विभिन्न तकनीकी एवं रखरखाव संबंधी कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक और जम्बो ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है।
मध्य रेल के मुंबई मंडल में मुख्य लाइन और हार्बर लाइन पर ब्लॉक रहेगा, जबकि पश्चिम रेलवे पर चर्चगेट और मुंबई सेंट्रल के बीच पांच घंटे का जम्बो ब्लॉक संचालित किया जाएगा। इसके चलते कई लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी और कुछ सेवाओं के मार्ग में बदलाव किया जाएगा।
मध्य रेल के अनुसार, ठाणे और कल्याण स्टेशनों के बीच अप एवं डाउन फास्ट लाइन पर सुबह 10:40 बजे से दोपहर 3:10 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से सुबह 9:34 बजे से दोपहर 2:17 बजे तक रवाना होने वाली डाउन फास्ट और सेमी फास्ट लोकल ट्रेनों को ठाणे-कल्याण के बीच स्लो लाइन पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें सभी स्टेशनों पर रुकेंगी और गंतव्य तक लगभग 10 मिनट देरी से पहुंचेंगी। इसी तरह कल्याण से सुबह 10:28 बजे से दोपहर 2:58 बजे तक रवाना होने वाली अप फास्ट लोकल ट्रेनों को स्लो लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा। मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी निर्धारित अवधि में प्रभावित रहेंगी।
हार्बर लाइन पर सीएसएमटी से चुनाभट्टी और बांद्रा की ओर जाने वाली डाउन लाइन पर सुबह 10:40 से शाम 4:40 बजे तक तथा वापसी की अप लाइन पर सुबह 10:10 से शाम 4:10 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इसके चलते सीएसएमटी से पनवेल, बेलापुर और वाशी के लिए सुबह 10:10 से शाम 4:47 बजे तक तथा बांद्रा और गोरेगांव के लिए सुबह 10:06 से शाम 4:43 बजे तक चलने वाली सेवाएं रद्द रहेंगी। इसी तरह पनवेल, बेलापुर और वाशी से सीएसएमटी आने वाली तथा गोरेगांव और बांद्रा से सीएसएमटी आने वाली निर्धारित अवधि की लोकल सेवाएं भी रद्द रहेंगी।
ब्लॉक के दौरान पनवेल और कुर्ला (प्लेटफॉर्म नंबर 8) के बीच 20 मिनट के अंतराल पर विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ट्रांस-हार्बर और पोर्ट लाइन की सेवाएं सामान्य समय-सारणी के अनुसार चलेंगी। हार्बर लाइन के यात्रियों को सुबह 9 से शाम 6 बजे तक मेन लाइन और पश्चिम रेलवे से यात्रा करने की अनुमति होगी।
पश्चिम रेलवे रविवार को चर्चगेट और मुंबई सेंट्रल के बीच अप एवं डाउन स्लो लाइनों पर सुबह 10:35 से दोपहर 3:35 बजे तक जम्बो ब्लॉक लेगी। इस दौरान स्लो लाइन की सभी ट्रेनें फास्ट लाइन पर चलाई जाएंगी। कुछ उपनगरीय सेवाएं रद्द रहेंगी, जबकि चर्चगेट जाने वाली कुछ ट्रेनें बांद्रा या दादर तक ही संचालित होंगी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अरुण कुमार मीणा के अनुसार, ब्लॉक ट्रैक, सिग्नलिंग और ओवरहेड उपकरणों के रखरखाव के लिए लिया जा रहा है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे रविवार को यात्रा पर निकलने से पहले ब्लॉक की समय-सारणी और प्रभावित सेवाओं की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।