Mumbai Local No Mega Block Sunday: मुंबई की धड़कन कही जाने वाली लोकल ट्रेनें इस रविवार एक खास मिशन पर होंगी। अक्सर रविवार के दिन जहां मुंबई वासी छुट्टी के मूड में होते हैं और ट्रेनों की संख्या कम रहती है, वहीं इस बार नजारा कुछ अलग होगा। मध्य रेलवे ने घोषणा की है कि आगामी 21 जून, 2026 यानी रविवार को होने वाली NEET-UG 2026 की परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की सुविधा के लिए लोकल ट्रेनें अपने पूरे वर्किंग डे शेड्यूल के अनुसार चलेंगी।
अमूमन रविवार के दिन मध्य रेलवे पर ट्रेनों की संख्या घटाकर 1,478 कर दी जाती है, जिससे यात्रियों को थोड़ी असुविधा होती है। लेकिन परीक्षार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए, रेलवे प्रशासन ने इस रविवार को भी सप्ताह के आम दिनों की तरह सभी 1,820 लोकल सेवाएं चलाने का फैसला किया है। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि परीक्षा केंद्रों तक जाने के लिए छात्रों को भीड़भाड़ का सामना नहीं करना पड़ेगा और वे समय पर अपनी मंजिल तक पहुँच सकेंगे।
रविवार का दिन रेलवे के रखरखाव और मेगा ब्लॉक के लिए जाना जाता है, जिससे अक्सर रूट डाइवर्ट होते हैं या ट्रेनें देरी से चलती हैं। लेकिन 21 जून को छात्रों की राह में कोई रुकावट न आए, इसके लिए मध्य रेलवे ने किसी भी रूट पर कोई मेगा ब्लॉक न रखने की पुष्टि की है।
एक तरफ जहां रेलवे ट्रैक बिछा रहा है, वहीं नेशनल टेस्टिंग एजेंसी छात्रों का मनोबल बढ़ाने में जुटी है। पिछले महीने पेपर लीक के आरोपों के कारण रद्द हुई परीक्षा के बाद, अब यह पुनः परीक्षा 21 जून को आयोजित की जा रही है। NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए छात्रों को आश्वस्त किया है कि परीक्षा निर्धारित समय पर ही होगी और वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अफवाह या शोर पर ध्यान न दें।
यह भी पढ़ें: नागपुर में आधी रात एक्शन: 16 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा गया आरोपी, घर से मिले लाखों के चोरी के जेवर
एजेंसी ने सुरक्षा के कड़े इंतजामों का वादा करते हुए कहा है कि ईमानदारी से मेहनत करने वाले छात्रों के हितों की रक्षा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही, परीक्षा के तनाव को कम करने के लिए छात्रों को मानस मेंटल हेल्थ हेल्पलाइन- 14416, से मदद लेने की सलाह भी दी गई है। कुल मिलाकर, प्रशासन और रेलवे ने मिलकर छात्रों के लिए मैदान तैयार कर दिया है, ताकि वे बिना किसी मानसिक या यातायात के तनाव के अपनी परीक्षा दे सकें।