KEM अस्पताल की 31 में से 8 लिफ्ट बंद, मरीजों की बढ़ी परेशानी।
अस्पताल में 5,912 पदों में से 2,422 पद खाली।
नर्सिंग कॉलेज की 36 मंजिला इमारत का काम जल्द शुरू करने के निर्देश।
PPP अस्पतालों में बेड की जानकारी के लिए डिजिटल स्क्रीन लगाने की मांग।
KEM Hospital Mumbai Lift Issue: परेल स्थित राजे एडवर्ड मेमोरियल अस्पताल में लिफ्ट बंद होने से मरीजों को हो रही परेशानी जल्द दूर हो सकती है। मुंबई महानगरपालिका की स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष हरीश भांदिर्गे ने अस्पताल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन को अगले 10 दिनों में लिफ्ट की समस्या पर पूरी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। दौरे के दौरान पता चला कि अस्पताल में कुल 31 लिफ्ट हैं, जिनमें से 8 बंद पड़ी हैं।
कुछ लिफ्ट की मरम्मत का काम जारी है। वहीं, हड्डी रोग केंद्र की पुरानी लिफ्ट की जगह दो नई लिफ्ट लगाने का प्रस्ताव है। हालांकि, इस काम की शुरुआत अब तक नहीं हुई है। समिति अध्यक्ष ने लिफ्ट जल्द शुरू करने के साथ मरीजों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने पर भी जोर दिया। दौरे के दौरान अस्पताल के दूसरे चरण में अग्नि सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा अस्पताल में कर्मचारियों की भारी कमी का मुद्दा सामने आया। अस्पताल में कुल 5,912 पदों में से 2,422 पद खाली हैं। समिति अध्यक्ष ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जरूरी कर्मचारियों की भर्ती पर ध्यान देने को कहा है।
इस दौरान केईएम अस्पताल के प्रस्तावित नर्सिंग कॉलेज की 36 मंजिला इमारत का मुद्दा भी उठा। समिति अध्यक्ष ने इसके निर्माण कार्य को जल्द शुरू करने और संबंधित प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। भादिर्गे ने कहा कि अस्पताल में इलाज
के लिए आने वाले हर मरीज को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए, इसके लिए लिफ्ट, अग्नि सुरक्षा, कर्मचारियों और अन्य जरूरी सुविधाओं की कमियों को प्राथमिकता से दूर करना होगा।
मुंबई शहर पीपीपी मॉडल पर संचालित होने वाले बीएमसी अस्पतालों में आम मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और आरक्षित बेड की उपलब्धता को लेकर पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठी है। बीएमसी सदन नेता गणेश खणकर ने अस्पतालों के प्रवेश द्वार पर डिजिटल स्क्रीन लगाने की मांग करते हुए मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े और अतिरिक्त आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे को पत्र लिखा है।
खणकर ने कहा कि पीपीपी मॉडल के प्रत्येक अस्पताल में भूतल पर प्रवेश द्वार के पास डिजिटल स्क्रीन लगाई जाए। इस पर अस्पताल में कुल बेड की संख्या के साथ मनपा मरीजों के लिए आरक्षित बेड, उनमें भर्ती मरीजों की संख्या और खाली बेड की वास्तविक स्थिति की जानकारी 24 घंटे उपलब्ध होनी चाहिए।