

पुणे जिला परिषद में 16 नवंबर को अजित पवार की प्रतिमा का अनावरण।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे प्रतिमा का अनावरण।
कार्यक्रम में फडणवीस, सुनेत्रा पवार, एकनाथ शिंदे और शरद पवार रहेंगे मौजूद।
Ajit Pawar Statue Unveiling Pune: दिवंगत उपमुख्यमंत्री और पुणे के पूर्व पालकमंत्री अजित पवार की स्मृति में पुणे जिला परिषद परिसर में उनकी अर्धाकृति प्रतिमा स्थापित की गई है। इस प्रतिमा का अनावरण सोमवार, 16 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और एकनाथ शिंदे, केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल तथा पूर्व मुख्यमंत्री शरद पवार सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी जिला परिषद अध्यक्ष वीरधवल जगदाले ने दी।
जिला परिषद परिसर में सोमवार सुबह 10 बजे कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान कैंप स्थित जिला परिषद के प्रवेश द्वार की कमान का उद्घाटन होगा। इसके बाद छत्रपति शिवाजी महाराज और दिवंगत यशवंतराव चव्हाण की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
कार्यक्रम के तहत अजित पवार के जीवन और कार्यों को समर्पित विशेष ट्रिब्यूट गैलरी का उद्घाटन किया जाएगा। इसमें उनके राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े सफर को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजकर 5 मिनट पर उनकी अर्धाकृति प्रतिमा का अनावरण होगा।
समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का सम्मान किया जाएगा। साथ ही अजित पवार के जीवन और कार्यों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन होगा। उनके जीवन सफर पर तैयार की गई एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की जाएगी।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील, सभापति अमोल नलावडे, सभापति दीपाली हुल्लावळे, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी चंद्रकांत वाघमारे और उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी भूषण जोशी उपस्थित रहेंगे।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गजानन पाटील ने कहा कि उपमुख्यमंत्री और पुणे जिले के पालकमंत्री के रूप में अजित पवार ने प्रशासन को जनोन्मुख बनाने पर जोर दिया था। उनके कामकाज में आम नागरिकों को प्राथमिकता दी जाती थी।
पाटील के अनुसार, अजित पवार का स्मारक प्रशासनिक अनुशासन और लोकसेवा के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा। जिला परिषद परिसर में स्थापित यह प्रतिमा उनके सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक कार्यों की याद दिलाएगी।
- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट