मुंबई पुलिस ने मारा छापा (डिजाइन फोटो) 
मुंबई

जुहू के घर में 'खौफनाक' शौक! कांच के टैंक में पल रहा था मगरमच्छ, पुलिस और वन विभाग ने मारा छापा

Juhu Crocodile Rescue: मुंबई के जुहू में घर के अंदर मगरमच्छ और कछुआ पालने का भंडाफोड़। क्राइम ब्रांच और वन विभाग ने किया रेस्क्यू। आरोपी इमरान शेख के खिलाफ मामला दर्ज।

प्रिया जैस

Mumbai Wildlife Crime: मुंबई के जुहू इलाके स्थित एक रिहायशी घर में अवैध रूप से मगरमच्छ और कछुए को पाले जाने का खुलासा हुआ है। मुंबई पुलिस के अनुसार, वन विभाग, मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-9 और एक एनजीओ की संयुक्त कार्रवाई में दोनों वन्य जीवों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। इस मामले में 29 वर्षीय इमरान इस्माइल शेख के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस और वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि जुहू इलाके के एक घर में मगरमच्छ रखा गया है। इसके बाद वरिष्ठ वन अधिकारी के निर्देश पर अंधेरी रेंज कार्यालय से जुड़े फॉरेस्ट गार्ड रोशन बिंदे ने मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-9 से संपर्क किया। इसके बाद पुलिस, वन विभाग और 'सर्प इंडिया' एनजीओ की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की योजना बनाई।

जिंदा मगरमच्छ बरामद किया

संयुक्त टीम जुहू के जेआर म्हात्रे मार्ग स्थित रुइया पार्क, मोरागांव शंकर चाल पहुंची। मुंबई पुलिस के अनुसार, पुख्ता जानकारी के आधार पर इस घर में छापा मारा गया, जहां कार्रवाई के दौरान दो स्वतंत्र पंच गवाह भी मौजूद थे। घर का दरवाजा खुलने पर वहां एक महिला और एक युवक मिले, जिनकी पहचान शाहिदा शेख और उनके भाई इमरान शेख के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान घर के एक छोटे से कमरे में रखे कांच के टैंक से एक जिंदा भारतीय मगरमच्छ और इंडियन स्पॉटेड टर्टल बरामद किया गया। दोनों ही जीव वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 में शामिल हैं, जिन्हें निजी तौर पर रखना पूरी तरह से गैरकानूनी है और यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।

पुलिस ने मामला किया दर्ज

रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी और सुरक्षा के साथ दोनों जानवरों को विशेष पिंजरों में बाहर निकाला। इस दौरान पूरी कार्रवाई की रिकॉर्डिंग भी की गई। पूछताछ में शाहिदा शेख ने बताया कि ये जानवर उनके भाई इमरान इस्माइल शेख घर लेकर आया था, जबकि इमरान पूछताछ के दौरान जानवरों के संबंध में स्पष्ट जानकारी देने से टालमटोल करता रहा।

इसके बाद पुलिस ने इमरान इस्माइल शेख के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9, 39, 48 और 51 के तहत मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है। रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ और कछुए को वन विभाग के हवाले कर दिया गया है, जहां उन्हें उचित देखभाल और पुनर्वास के लिए भेजा जाएगा।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

दिमागी नक्सल पर सियासी घमासान, पीएम मोदी के बयान पर चिदंबरम का तीखा पलटवार

मैं टेंडर कमेटी में नहीं था, मरने से पहले आशीष बनर्जी का खुलासा, सुसाइड नोट में लिखा- मेरी सबसे बड़ी गलती...

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोलियां; बंगाल में आशीष बनर्जी ने की आत्महत्या

मेरे पास हथियार है...वाराणसी से मुंबई जा रही फ्लाइट में चली गोलियां, 2 एयरपोर्ट स्क्रीनर को किया घायल

वंदे मातरम पर छिड़ा सियासी संग्राम: बंकिम चंद्र के वंशज ने सोनिया गांधी से क्यों मांगी माफी? जानें पूरा विवाद