बारिश में तरबतर मुंबई: जलभराव से सड़कों पर लगा लंबा जाम (फोटो क्रेडिट-X)  
मुंबई

मुंबई में आफत की बारिश, 100 मिलीमीटर से अधिक वर्षा, सड़कों पर जलभराव, ट्रेन लेट और विमान सेवा भी प्रभावित

Mumbai Heavy Rain Waterlogging Flights Delayed: मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त। मानखुर्द में 170 mm वर्षा, सड़कें जलमग्न, लोकल ट्रेनें लेट और कई फ्लाइट्स डायवर्ट।

अनिल सिंह

Mumbai Heavy Rain: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। महानगर और उसके आसपास के उपनगरीय इलाकों में बुधवार (1 जुलाई 2026) सुबह तक पिछले 24 घंटों के दौरान 100 मिलीमीटर से अधिक मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है। इस आफत की बारिश के कारण मुंबई के कई निचले इलाकों सहित अंधेरी सबवे में भारी जलभराव हो गया है, जिससे यातायात को डायवर्ट करना पड़ा है। बारिश अब भी लगातार हो रही है। जिससे लोगों में 26 जुलाई वाली दहशत पैदा हो गई है।

भारी वर्षा का सीधा असर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों और हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। सड़कों पर समंदर जैसा नजारा होने के कारण जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है और आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

मानखुर्द और भायखला में सबसे ज्यादा बरसे बादल

बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे के बीच पूर्वी उपनगरों में औसतन 109 मिमी, पश्चिमी उपनगरों में 87 मिमी और मुख्य मुंबई शहर में 86 मिमी बारिश हुई। स्वचालित वर्षा माप प्रणालियों के मुताबिक, मानखुर्द इलाके में सबसे ज्यादा 170.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

इसके अलावा भायखला में 162.52 मिमी, मुंबई सेंट्रल में 142.43 मिमी और वडाला में 127 मिमी पानी बरसा। बुधवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच महज एक घंटे में अंधेरी पश्चिम में 39 मिमी की अत्यधिक तेज बारिश हुई, जिसके चलते एहतियात के तौर पर अंधेरी सबवे को बंद कर वाहनों को दूसरे रास्तों पर मोड़ना पड़ा।

हार्बर लाइन पर ओएचई तार टूटने से थमी लोकल, दफ्तर जाने वाले परेशान

बीएमसी के दावों के विपरीत, सुबह के समय काम पर निकलने वाले लाखों मुंबईकरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मध्य और पश्चिम रेलवे की उपनगरीय लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 15 से 20 मिनट की देरी से संचालित हो रही हैं। सबसे बड़ा झटका हार्बर लाइन के यात्रियों को लगा, जहां नवी मुंबई को मुंबई से जोड़ने वाले रूट पर सुबह 4:52 बजे अचानक ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) यानी विद्युत तार टूट गया।

इस तकनीकी खराबी के कारण हार्बर लाइन पर रेल सेवाएं सुबह 5:45 बजे तक पूरी तरह ठप रहीं। हालांकि बेस्ट की बसें सड़कों पर तैरते पानी के बीच जैसे-तैसे चलती नजर आईं।

एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी बेहद कम, कई उड़ानें डायवर्ट

सड़क और रेल यातायात के साथ-साथ हवाई यातायात भी इस मूसलाधार बारिश की चपेट में आ गया है। मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता काफी कम हो जाने के कारण विमानों के संचालन में भारी बाधा आ रही है। सुरक्षा के मद्देनजर कई उड़ानों को नजदीकी हवाई अड्डों पर डायवर्ट किया गया है, जबकि दर्जनों उड़ानें देरी से उड़ान भर रही हैं।

जमीन पर हालात ये हैं कि प्रमुख बाजारों और गलियों में पानी घुसने से व्यापारियों का लाखों का सामान खराब हो गया है। सड़कों पर जलभराव के चलते कई गाड़ियां और बाइक बीच रास्ते में ही बंद हो गईं, जिन्हें धक्का लगाते लोग नजर आए। प्रशासन ने नागरिकों को आपात स्थिति को छोड़कर घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

आज की ताजा खबर 17 अगस्त LIVE: JPSC-JSSC मुद्दे पर छात्रों से आज दोपहर 2 बजे बातचीत करेगी झारखंड सरकार

आज की ताजा खबर 16 अगस्त LIVE: एक क्लिक में पढ़ें दिनभर की सारी बड़ी खबरें

राजस्थान के सरकारी स्कूलों में मीडिया की नो एंट्री! फोटो-वीडियो पर भी लगा बैन, नियम तोड़ने पर होगी कार्रवाई

आचार्य प्रमोद कृष्णम का कांग्रेस पर बड़ा हमला, बोले- राहुल गांधी पाकिस्तान के राष्ट्रपति जैसे

Tamil Nadu NEET Protest: विधानसभा के नए प्रस्ताव के बावजूद चेन्नई में NEET के खिलाफ प्रदर्शन जारी