Mumbai Heavy Rain Red Alert: अंधेरी पूर्व के मरोल रोड क्षेत्र में मंगलवार को भारी बारिश के बीच एक विशाल पेड़ अचानक सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर गिर पड़ा। हादसे में दो से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पेड़ गिरने से इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पेड़ों का सर्वे कर समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। वहीं, शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने इस घटना का मुद्दा विधानसभा में उठाते हुए नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित खतरा बने पेड़ों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
लगातार हो रही बारिश से जोगेश्वरी पश्चिम स्थित एसी रोड पर भारी बारिश के कारण एक विशाल पेड़ अचानक सड़क किनारे गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से वहां खड़ा एक टेम्पो और बिजली के मीटर का बॉक्स पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने तथा पेड़ों और जर्जर संरचनाओं से दूर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग ने मुंबई और आस-पास के इलाकों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इधर बीएमसी प्रशासन ने एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। सभी एजेंसियों को अलर्ट मोड पर रहने का आदेश दिया गया है। मुंबई में बुधवार रात से ही भारी बारिश हो रही है। कई जगहों पर पानी जमा होने की शिकायतें मिली हैं। इससे नागरिकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। अभी बारिश का संकट खत्म नहीं हुआ है।
मुंबई शहर, उपनगरों, ठाणे, रायगढ़ और पालघर में भारी बारिश का अनुमान है। शासन-प्रशासन को सतर्क रहने और सभी एजेसियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया गया है। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने बताया कि इमरजेंसी नंबर जारी किया गया है। 196 इमरजेंसी रूम का नंबर है। भारी बारिश हो रही है, इसलिए काम न हो तो घर से बाहर न निकलें, उचित सावधानी बरते।