गोरेगांव मुलुंड लिंक रोड (सोर्सः सोशल मीडिया)
मुंबई

Mumbai GMLR Project: गोरेगांव-मुलुंड टनल की खुदाई तेज, तुलसी ने 270 मीटर का सफर किया पूरा

Goregaon Mulund Link Road: मुंबई के गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (GMLR) प्रोजेक्ट के तहत संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे दोहरी भूमिगत सुरंगों का निर्माण तेज हो गया है।

आंचल लोखंडे

Highlights:

  • गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड परियोजना में 'तुलसी' और 'विहार' मशीनों ने खुदाई का काम शुरू कर दिया है। इससे सुरंग निर्माण में तेजी आने की उम्मीद है।

  • पहली मशीन 'तुलसी' 17 अगस्त 2026 से काम कर रही है और अब तक 270 मीटर से अधिक खुदाई कर चुकी है। फिलहाल प्रतिदिन औसतन 6 मीटर खुदाई हो रही है।

  • संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे दो सुरंगें बनाई जा रही हैं। प्रत्येक सुरंग में तीन लेन होंगी, यानी कुल छह लेन का भूमिगत मार्ग तैयार होगा।

Mumbai GMLR Project: मुंबई शहर के पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच घंटों ट्रैफिक में फंसने वाले वाहन चालकों के लिए राहत की उम्मीद बढ़ गई है। गोरेगांव-मुलुंड जोड़ सड़क (जीएमएलआर) परियोजना के तहत नेशनल पार्क के नीचे बनाई जा रही दोहरी भूमिगत सुरंगों के निर्माण ने रफ्तार पकड़ ली है।

पहली सुरंग की खुदाई कर रही 'तुलसी' मशीन अब तक 270 मीटर से अधिक खुदाई कर चुकी है, जबकि दूसरी सुरंग के लिए तैनात 'विहार' मशीन ने भी 7 नवंबर से काम शुरू कर दिया है। दोनों मशीनों के एक साथ काम करने से परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है। बीएमसी की इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना का उद्देश्य पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना और यात्रा का समय कम करना है।

दोनों सुरंगों में 3-3 लेन

परियोजना के तीसरे चरण के तहत गोरेगांव पूर्व स्थित दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी से - मुलुंड पश्चिम के अमर नगर तक संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान के नीचे 5।34 किलोमीटर लंबी दोहरी सुरंग बनाई जा रही है। दोनों सुरंगों में तीन-तीन लेन होंगी। यानी कुल छह लेन के भूमिगत मार्ग से वाहन गुजर सकेंगे। प्रत्येक सुरंग का आंतरिक व्यास 13 मीटर होगा। पूरी सुरंग की लंबाई 6,675 मीटर होगी, जिसमें 5,340 मीटर हिस्से की खुदाई टनल बोरिंग मशीन से की जाएगी।

पहली मशीन 'तुलसी' को 17 अगस्त 2026 को शुरू किया गया था। फिलहाल यह प्रतिदिन औसतन छह मीटर खुदाई कर रही है। बीएमसी का लक्ष्य इसकी गति बढ़ाकर प्रतिदिन 10 मीटर करने का है। वहीं, दूसरी मशीन 'विहार' का तकनीकी और सुरक्षा परीक्षण सफल होने के बाद 7 नवंबर से खुदाई शुरू कर दी गई है। दोनों मशीनें गोरेगांव से मुलुंड की दिशा में आगे बढ़ेंगी।

131 निर्माण हटाना बाकी

परियोजना के अंतिम चरण के लिए मुलुंड में रिट्रीवल शाफ्ट और रैप बनाने हेतु कुल 743 निर्माण बाधित हो रहे थे। इनमें से 612 हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष 131 निर्माण दिसबर 2026 के अंत या जनवरी 2027 की शुरुआत तक हटाने की योजना है। प्रभावित परिवारों का कांजुरमार्ग की पुनर्वास इमारतों में पुनर्वसन किया जाएगा। अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने अधिकारियों को खुदाई में देरी रोकने, पर्याप्त मनुष्यबल और मशीनरी उपलब्ध कराने तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। पूरी जीएमएलआर परियोजना फरवरी 2029 तक पूरी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इस प्रोजेक्ट के कई फायदे

प्रमुख जंक्शनों पर जाम से राहतः पहला पलाईओवर दिंडोशी कोर्ट, रत्नागिरी जंक्शन होटल, वलभट नदी जंक्शन और जनरल अरुण कुमार वैद्य मार्ग से फिल्मसिटी तक शुरू हो गया है। इससे आसपास लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

उत्तर मुंबई की कनेक्टिविटी होगी बेहतर

इससे पश्चिम-पूर्व दिशा में आवागमन सुगम होगा। साथ ही वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे, ठाणे, ऐरोली और नासिक हाईवे की ओर जाने वाले मागों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

सिग्नल-मुक्त मार्ग

एलिवेटेड फ्लाईओवर के जरिए सड़क पर बने भीड़भाड़ वाले जंक्शनों को बाईपास किया जा सकेगा, जिससे वाहन चालकों को ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने की जरूरत कम होगी।

जनवरी में 5 राज्यों में चुनाव संभव, नए साल के पहले हफ्ते में हो सकते हैं चुनाव

दिवाली की बधाई में ईद का जिक्र करना मल्लिकार्जुन खरगे को पड़ा भारी, बीजेपी-कांग्रेस में छिड़ी जुबानी जंग

दिल्ली में AQI डेटा में हेरफेर, हेल्थ इमरजेंसी का बढ़ा खतरा, सौरभ भारद्वाज बोले- आंकड़े कम दिखा रही सरकार

पाकिस्तान से हैं क्या? दिवाली को ईद बताकर बुरे फंसे मल्लिकार्जुन खरगे, वायरल VIDEO पर भड़के सोशल मीडिया यूजर्स

हाथ में ही फट गया पटाखा... दिल्ली में 10 साल के बच्चे की मौत, दीवाली की खुशियों के बीच अचानक बदले हालात