Thackeray Brothers Garjana Morcha: केंद्रीय चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली के खिलाफ 4 अक्टूबर 2026 को मुंबई में ठाकरे बंधुओं (उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे) के नेतृत्व में सर्वदलीय 'गर्जना मोर्चा' निकाला जाएगा।
मुंबई पुलिस के विशेष निवेदन को स्वीकार करते हुए अब इस मोर्चे का पुराना मार्ग बदल दिया गया है। अब यह मोर्चा भायखला के बजाय मेट्रो सिनेमा से शुरू होगा। राज ठाकरे के अनुसार, महाराष्ट्र के सभी दल चुनाव आयोग की मनमानी के खिलाफ मोर्चे में शामिल होंगे।
पुलिस के निवेदन का सम्मान करते हुए मार्ग बदला गया है। उन्होंने महाराष्ट्र सैनिकों, शिवसैनिकों और सभी दलों के पदाधिकारियों से नए मार्ग पर ध्यान देने को कहा। शिवसेना नेता अनिल परब और मनसे नेता बाला नांदगांवकर ने पत्रकार परिषद में बताया कि दोनों दलों का शिष्टमंडल पुलिस आयुक्त देवेन भारती से मिला था।
परब के अनुसार पुराने मार्ग पर शुरू से अंत तक पुल है और नीचे सड़क नहीं है। मनपा ने साढ़े तीन-चार फुट के नए डिवाइडर लगाए हैं। कोई घटना होने पर बाहर निकलने का रास्ता नहीं रहेगा। अनुरोध दोनों दल प्रमुखों को बताया गया और रात में फैसला हुआ।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रमुख राज ठाकरे ने गांधी जयंती के मौके पर सत्तापक्ष पर निशाना साधते हुए दिखावे की श्रद्धांजलि पर भी कटाक्ष करते हुए कहा है कि आज का सच ये है कि अब केवल हम महान हस्तियों को उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर ही याद करते हैं। उनकी मूर्तियों पर माला चढ़ाते हैं और तस्वीरें खिंचवाते हैं लेकिन उनके आदर्शों को पालन नहीं किया जाता है।
अब मूर्तियों के साथ तस्वीरें खिंचवाना ही उन्हें श्रद्धांजलि देने का नया तरीका बन गया है। आज मौजूदा सत्ता के दौर में गांधीजी की याद और भी ज्यादा आनी चाहिए क्योंकि उन्होंने हमें सत्ता से सवाल करना सिखाया था लेकिन सवाल पूछना मौजूदा शासकों को पसंद नहीं।
29 सितंबर को राज और उद्धव ठाकरे ने मार्ग और समय बताया था। समय वही रहेगा। मोर्चा सुबह 10 बजे निकलेगा और 11.30 बजे मनपा परिसर पहुंचेगा। इसके बाद सभा होगी। मोर्चा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी है।
मोर्चा अब मेट्रो सिनेमा से मनपा मुख्यालय तक जाएगा।
पहले मार्ग भायखला के रिचर्डसन एंड क्रूडास गेट से था।
पुलिस आयुक्त ने की सुरक्षा कारणों से बदलाव की मांग