Mumbai CNG Price Hike News: मुंबई में सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर हुई बढ़ोतरी का असर आधी रात से ही दिखाई देने लगा। नई दरें लागू होने से पहले टैंक फुल कराने की होड़ मच गई, जिसके चलते शहर के कई सीएनजी स्टेशनों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
महानगर गैस लिमिटेड द्वारा सीएनजी के दाम बढ़ाए जाने से ऑटो, टैक्सी और कैब चालकों की लागत बढ़ गई है। लगातार दूसरी बार हुई मूल्य वृद्धि से परिवहन क्षेत्र में नाराजगी बढ़ रही है और किराया बढ़ाने की मांग भी जोर पकड़ सकती है, ऐसे में आने वाले दिनों में न केवल चालकों की जेब पर बोझ बढ़ेगा, बल्कि लाखों यात्रियों का सफर भी महंगा होने की आशंका जताई जा रही है।
एमजीएल द्वारा सीएनजी की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी किए जाने के बाद शनिवार को मुंबई के विभिन्न सीएनजी स्टेशनों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली। नई दरें लागू होने से पहले बड़ी संख्या में ऑटो-रिक्शा, टैक्सी, कैब और मालवाहक वाहन चालक ईंधन भरवाने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए।
भायखला के जेजे रोड सहित शहर के कई हिस्सों से सामने आई तस्वीरों में सीएनजी स्टेशनों पर वाहनों की लंबी लाइनें नजर आई। एमजीएल ने 29 और 30 मई की मध्यरात्रि से सीएनजी की कीमतों में 2 रुपए प्रति किलोग्राम और घरेलू पीएनजी की कीमतों में 50 पैसे प्रति मानक घन मीटर की बढ़ोतरी की है।
इसके बाद मुंबई और मुंबई महानगर क्षेत्र में सीएनजी की कीमत बढ़कर 86 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है, जबकि घरेलू पीएनजी अब 52 रुपए प्रति एससीएम की दर से उपलब्ध होगी।
ऑटो और टैक्सी किराया निर्धारण खटुआ समिति की सिफारिशों के आधार पर होता है। किराया संशोधन पर आमतौर पर साल में एक बार बैठक में महंगाई और परिचालन लागत की समीक्षा के बाद फैसला लिया जाता है। फिलहाल अगली बैठक जनवरी में होने की संभावना है। वहीं सीएनजी कीमतों में हालिया 2 रुपए प्रति किलो वृद्धि का असर मुंबई के 30 से 35 हजार टैक्सी चालकों पर भी पड़ेगा।
- के। के तिवारी, अध्यक्ष, टैक्सी यूनियन