बीएमसी वेरावली जलाशय के वाल्वों का आधुनिकीकरण करेगी।
परियोजना पर ₹1.28 करोड़ खर्च होंगे, छह महीने में काम पूरा होगा।
अंधेरी, जोगेश्वरी, विलेपार्ले और वर्सोवा की जलापूर्ति बेहतर होने की उम्मीद।
BMC Water Department Veravali Hill Reservoir: मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में रहने वाले लाखों नागरिकों के लिए राहत की खबर है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने अंधेरी, जोगेश्वरी, विलेपार्ले और वर्सोवा क्षेत्रों में जलापूर्ति को अधिक सुचारू और नियंत्रित बनाने के लिए वेरावली हिल जलाशय की पाइपलाइनों के पुराने वाल्वों और संबंधित उपकरणों के आधुनिकीकरण का फैसला किया है। इस काम पर करीब 1.28 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
वेरावली हिल जलाशय क्रमांक 1 और 2 की कुल जल भंडारण क्षमता लगभग 1.5 करोड़ गैलन है। इन जलाशयों में वर्ष 2010 और 2013 में विद्युत चालित ऑपरेटर लगाए गए थे। हालांकि, पुरानी तकनीक के कारण ये उपकरण बार-बार खराब हो रहे थे।
कई बार ऑपरेटर बीच में ही अटक जाते थे, जिससे कर्मचारियों को भारी वाल्व हाथ से घुमाने पड़ते थे। स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता में भी दिक्कत आ रही थी। इन समस्याओं के कारण मरम्मत में समय लगता था और जलापूर्ति का निर्धारित कार्यक्रम प्रभावित होने की आशंका बनी रहती थी।
पुराने उपकरणों की समस्याओं को दूर करने के लिए बीएमसी ने नए इलेक्ट्रो-मैकेनिकल उपकरण लगाने की योजना बनाई है। इसके लिए ई-निविदा प्रक्रिया के माध्यम से मेसर्स श्रुति एंटरप्राइजेज का चयन किया गया है। जीएसटी और पर्यवेक्षण शुल्क सहित कार्य की कुल लागत 1 करोड़ 28 लाख 12 हजार 12 रुपये निर्धारित की गई है।
मुंबई बीएमसी के अनुसार, आधुनिकीकरण का पूरा काम मानसून सहित छह महीने की समयसीमा में पूरा करने की योजना है। स्थायी समिति और मनपा की आवश्यक प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा।
वेरावली जलाशय में वाल्वों और संबंधित उपकरणों के आधुनिकीकरण से जलप्रवाह को नियंत्रित करना आसान हो सकता है। इससे पुराने उपकरणों की खराबी के कारण होने वाली तकनीकी परेशानियां कम करने और जलापूर्ति का शेड्यूल बेहतर बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बीएमसी के जल विभाग के कार्यकारी अभियंता के अनुसार, मुंबई में सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वेरावली जलाशय का आधुनिकीकरण जरूरी है। परियोजना पूरी होने के बाद पश्चिमी उपनगरों के नागरिकों को बेहतर जलापूर्ति व्यवस्था का लाभ मिलने की उम्मीद है।