महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: 5 सीटों पर महायुति और MVA में कांटे की टक्कर! जानें हर सीट का समीकरण

Maharashtra MLC Election Results: महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है। महायुति और महाविकास आघाड़ी (MVA) के बीच सीधा मुकाबला है। जानिए किस सीट से कौन आमने-सामने है।
Maharashtra MLC Election Political Equations
सुनेत्रा पवार, एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे, विजय वडेट्टीवार, शरद पवारडिजाइन फोटो
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर वोटों की गिनती शुरू।

  • पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के नतीजे आज।

  • पुणे व अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की भी मतगणना जारी।

  • महायुति और MVA समेत कुल 182 उम्मीदवार चुनावी मैदान में।

Maharashtra MLC Election Political Equations: महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के लिए मंगलवार सुबह 8 बजे से मतगणना जारी है। इन चुनावों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन भाजपा, एकनाथ शिंदे की शिवसेना, सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली NCP और विपक्षी महा विकास आघाड़ी कांग्रेस, उद्धव ठाकरे की शिवसेना यूबीटी और शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के बीच कांटे का मुकाबला देखा जा रहा है।

महाराष्ट्र की 5 विधान परिषद सीटों पर चुनाव

23 अक्टूबर को पुणे स्नातक, नागपुर स्नातक, छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) स्नातक, पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वोट डाले गए थे, जिसमें कुल 72.96 प्रतिशत मतदान हुआ था। इन 5 सीटों के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल आगामी 6 दिसंबर को समाप्त होने जा रहा है, जिसके चलते यह चुनाव हो रहे हैं।

182 उम्मीदवार मैदान में, अपनों की बगावत ने बढ़ाई धड़कनें

महाराष्ट्र की 5 विधान परिषद सीटों पर कुल 182 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस चुनाव में दोनों ही प्रमुख गठबंधनों महायुति और महाविकास आघाडी (MVA) को अंदरूनी बगावत और निर्दलीय उम्मीदवारों की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

Maharashtra MLC Election Political Equations
पुणे स्नातक सीट की मतगणना में बबाल, 8 मतपेटियों के बिना सील मिलने से रुकी काउंटिंग, MVA उम्मीदवार ने उठाए सवाल

किस सीट पर किसके बीच है मुख्य मुकाबला?

  • नागपुर स्नातक सीट: इस सीट पर मौजूदा कांग्रेस MLC अभिजीत वंजारी का सीधा मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार सुधाकर कोहले से है। चुनावी प्रक्रिया के दौरान भाजपा के बागी प्रत्याशी अनिल सोले ने अपना नाम वापस लेकर कोहले का समर्थन का ऐलान किया था। नामांकन वापिस लेने की समय सीमा बीत जाने के कारण वे नाम वापिस नहीं ले पाए, जिसके कारण उनका नाम बैलेट पेपर पर दर्ज रहा।

  • पुणे स्नातक सीट: भाजपा ने यहां से स्मिता जाधव को मैदान में उतारा है, जिनका मुकाबला शरद पवार गुट की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख से है। हालांकि यहां से MVA में शामिल उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) ने भी अपना प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारा है।

  • छत्रपति संभाजीनगर स्नातक सीट: सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली NCP के मौजूदा MLC सतीश चव्हाण का मुकाबला राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रतापसिंह पाटिल और शिवसेना (UBT) के उम्मीदवार से है।

Maharashtra MLC Election Political Equations
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: कैसे होती है वोटों की गिनती? समझें विनिंग कोटा और प्रेफरेंस वोटिंग का पूरा गणित
  • पुणे शिक्षक सीट: यहां मुकाबला काफी दिलचस्प है। भाजपा के कौस्तुभ गावडे का सामना कांग्रेस के मौजूदा MLC जयंत आसगांवकर से है। वहीं, शिंदे गुट की शिवसेना ने भाजपा के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ निर्दलीय प्रत्याशी सचिन सानप का समर्थन कर मुकाबला त्रिकोणीय बना दिया है। सचिन सानप राज्य मंत्री उदय सामंत के OSD हैं।

  • अमरावती शिक्षक सीट: शिवसेना की मौजूदा MLC किरण सरनाईक का मुकाबला कांग्रेस की उम्मीदवार अदिति पोहरे और शिवसेना (UBT) के प्रत्याशी से है।

Navbharat Live
navbharatlive.com