बेस्ट बस सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

मुंबई बेस्ट की 5,000 नई बसें खरीदने की तैयारी, 10 हजार बसों की पार्किंग और कर्मचारियों के आवास पर जोर

Mumbai BEST Budget: बेस्ट समिति ने वर्ष 2027-28 के बजट को मंजूरी दे दी है, जिसमें 5,000 नई बसों की खरीद और जमीन के व्यावसायिक उपयोग पर जोर है। हालांकि, विपक्ष ने बिना ऑडिट के आंकड़ों पर सवाल उठाए।

रूपम सिंह

Highlights

  • बेस्ट के 2027-28 बजट को मंजूरी, घाटा 11% घटने का दावा।

  • 5 हजार खुद की बसें खरीदने और 10 हजार बसों की पार्किंग की योजना।

  • 2,352 करोड़ की ग्रेच्युटी देनदारी चुकाने के लिए आर्थिक मदद की मांग।

Mumbai BEST 5000 New Buses Purchase Plan: मुंबई बेस्ट के वर्ष 2027-28 के अनुमानित बजट को सोमवार को बेस्ट समिति ने मंजूरी दे दी। इस बजट में नई बसों की खरीद, कर्मचारियों की ग्रेच्युटी, बिजली ग्राहकों की संख्या बढ़ाने और कर्मचारियों के आवास जैसी महत्वपूर्ण बातों पर जोर दिया गया है।

इस बीच बेस्ट प्रशासन की ओर से यह भी दावा किया गया कि इस साल घाटा 11 प्रतिशत कम हुआ है। हालांकि, मंजूरी मिलने के बाद भी बिना ऑडिट के आकड़ों समेत बजट में शामिल किए गए कई मुद्दों को लेकर बैठक में जोरदार बहस देखने को मिली। बेस्ट समिति के वरिष्ठ सदस्य सुनील गणाचार्य ने बजट पर आपत्ति जताते हुए इसे मुंगेरीलाल के हसीन सपने करार दिया।

उनका आरोप है कि इस बजट का म्युनिसिपल ऑडिट नहीं हुआ है। बजट में दिए गए आंकड़े भविष्य में आने वाली नई बसों और टिकट बिक्री से होने वाली कमाई पर निर्भर हैं। इस साल 3000 बसों की उम्मीद थी, लेकिन वास्तव में करीब 600 बसें कम आई।

गणाचार्य ने चेतावनी दी कि यदि अगले साल भी समय पर बसें नहीं मिलीं, तो कमाई के सारे आंकड़े धराशायी हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि केवल कागज पर आंकड़े पेश करने से बजट यथार्थवादी नहीं हो जाता। इस बैठक में हुई चर्चा में सदस्य रमाकांत गुप्ता, आकाश पुरोहित, प्रविणा मोरजकर, नितिन नांदगावकर समेत कई सदस्यों ने हिस्सा लिया।

बेस्ट को मुनाफे में लाएंगे : सोनिया सेठी

चर्चा का जवाब देते हुए बेस्ट की महाप्रबंधक सोनिया सेठी ने भरोसा दिलाया कि उपक्रम को घाटे से बाहर निकालकर मुनाफे में लाने के लिए कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

किराए पर ली गई बसों के ठेके, उनके अमल और उनसे बेस्ट को हुए नफा-नुकसान की गहराई से जांच की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किराए की बसों के ठेके की शर्तों में सुधार किया जाएगा। बेस्ट को आत्मनिर्भर बनाने के लिए खुद के मालिकाना हक वाली 5000 नई बसै खरीदी जाएंगी।

अपनी जमीन से कमाई बढ़ाएगा बेस्ट

सोनिया सेठी ने कहा कि यदि केंद्र और राज्य सरकार से आर्थिक मदद नहीं मिलती है, तो बेस्ट अपनी खाली जमीनों को किराए पर देकर और उनका व्यावसायिक विकास कर कमाई के नए रास्ते तैयार करेगा। बिजली और परिवहन विभाग के अलावा अन्य माध्यमों से भी आय बढ़ाने की कोशिशें जारी है। राज्य सरकार बेस्ट को विशेष प्राथमिकता दे रही है और जल्द ही कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

डिपो में होगी 10 हजार बसों की पार्किंग

सोनिया सेठी ने कहा कि जमीन बिल्डर को सौंपने के बजाय पहले आर्किटेक्ट नियुक्त कर बेस्ट की जरूरतें तय की जाएंगी। 73 स्थानों पर बिखरे 4 से 5 हजार जीर्ण आवासों की जगह 7 प्रमुख स्थानों पर 10 हजार आधुनिक आवास और 10 हजार बसों की पार्किंग बनाई जाएगी। 2,352 करोड़ रुपए की ग्रेच्युटी देनदारी और बीएमसी से अनुदान के लिए भी उच्चस्तरीय समिति के माध्यम से लगातार प्रयास जारी हैं।

मुख्यमंत्री से मिलेगा सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल : तृष्णा विश्वासराव

बेस्ट समिति की अध्यक्ष तृष्णा विश्वासराव ने कहा कि उपक्रम को संकट से बाहर निकालने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। जल्द ही एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार से मुलाकात करेगा।

उन्होंने बीएमसी द्वारा बेस्ट को आर्थिक मदद देने में हाथ खींचने पर कड़ी नाराजगी जताई। विश्वासराव ने कहा कि बेस्ट के कायाकल्प प्रोजेक्ट को पूरा होने में कुछ समय लगेगा, इसलिए सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया भुगतान में देरी हो रही है। उन्होंने राज्य सरकार और बीएमसी से बड़ी आर्थिक मदद देने की अपील भी की।

कस्टडी विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी: बच्चे माता-पिता की संपत्ति और खिलौना नहीं, किसके साथ रहना उनकी पसंद

क्या यूपी की सियासी भंवर में फंसी संजय निषाद की नाव? ओम प्रकाश राजभर ने कैसे बढ़ाई टेंशन

Rain Alert: 24-25-26-27-28 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट, इन राज्यों में छाएगा कोहरा

बिहार के कई जिलों में सुबह-सुबह भूकंप के झटके, नेपाल के काशी में भी हिली धरती

24 नवंबर 2026 : आज देश-दुनिया, राजनीति, बिजनेस-खेल-मनोरंजन और मौसम की इन खबरों पर रहेगी नजर