Mumbai Airport Runway Closed In Heavy Rain: मुंबई में कई दिनों से जारी बारिश अब आफत बनते जा रही है। तेज हवाओं और बेहद कम दृश्यता ने रविवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की रफ्तार थाम दी। खराब मौसम के चलते सुरक्षा के मद्देनजर रनवे संचालन एक घंटे के लिए बंद करना पड़ा, जिससे हवाई यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ।
इसका असर उड़ानों के पूरे शेड्यूल पर पड़ा और प्रस्थान करने वाली उड़ानों में औसतन 75 मिनट तक की देरी दर्ज की गई। हालात ऐसे रहे कि 87 प्रतिशत डिपार्चर निर्धारित समय से लेट हुए, जबकि हजारों यात्रियों को लंबा इंतजार और भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने बताया कि 42 नॉट तक की रफ्तार वाली तेज हवाओं, भारी बारिश और बेहद कम दृश्यता के कारण सुरक्षित उड़ान संचालन संभव नहीं था। खराब मौसम के चलते सुरक्षा के मद्देनजर सुबह 10.17 बजे से 11.17 बजे तक रनवे संचालन एक घंटे के लिए बंद करना पड़ा, जिससे घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुईं और हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रनवे दोबारा शुरू होने के बाद भी उड़ानों का शेड्यूल सामान्य नहीं हो सका। प्रस्थान करने वाली उड़ानों में औसतन 75 मिनट, जबकि आने वाली उड़ानों में औसतन 28 मिनट या उससे अधिक की देरी दर्ज की गई।
फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइट रडार 24 के अनुसार लगभग 87 प्रतिशत डिपार्चर और 62 प्रतिशत अराइवल उड़ानें निर्धारित समय से विलंबित रहीं। हालांकि, अधिकांश एयरलाइंस ने उड़ानें रद्द करने के बजाय उन्हें देर से संचालित किया। मौसम की वजह से मुंबई आने वाली केवल करीब 3 प्रतिशत उड़ानें ही रद्द करनी पड़ीं।
यह भी पढ़ेः- मुंबई-ठाणे-नवी मुंबई में फर्जी GPay स्क्रीनशॉट दिखाकर ज्वेलर्स को ठगने वालें को डोंगरी पुलिस ने दबोचा
हालांकि, एयरपोर्ट प्रबंधन ने प्रभावित उड़ानों की कुल संख्या जारी नहीं की। एयर ट्रैफिक कंट्रोल सूत्रों के अनुसार मुंबई एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 980 से 1,000 उड़ानों का संचालन होता है और हर घंटे औसतन 48 विमान गतिविधियां होती हैं। ऐसे में एक घंटे का रनवे बंद रहने से उड़ानों का पूरा शेड्यूल प्रभावित हुआ और इसका असर दिनभर एयरलाइंस के संचालन पर दिखाई दिया।