मुंबई-ठाणे-नवी मुंबई में फर्जी GPay स्क्रीनशॉट दिखाकर ज्वेलर्स को ठगने वालें को डोंगरी पुलिस ने दबोचा

Online Payment Scam: मुंबई में जी-पे पेमेंट का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाकर ज्वेलर्स से सोने की अंगूठी लेकर फरार आरोपी को डोंगरी पुलिस ने गिरफ्तार किया। पूछताछ में 7 धोखाधड़ी के मामलों का खुलासा हुआ।
Gpay Online Payment Scam Accused Arrested Seven Cases In Mumbai Jewellery Fraud
QR कोड स्कैनर (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Online Payment Scam Accused Arrested: डोंगरी क्षेत्र के एक ज्वेलर्स को जी-पे पर भुगतान का झांसा देकर सोने की अंगूठी लेकर फरार हुए आरोपी को डोंगरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई क्षेत्र के सात समान प्रकृति के मामलों का भी खुलासा हुआ है।

27 जून 2026 की शाम आरोपी लालचंद भुरमल ज्वेलर्स पहुंचा और खुद को नवदीप कांबले बताकर 5.210 ग्राम की सोने की अंगूठी पसंद की. उसने 42 हजार रुपए नकद दिए और शेष 40 हजार रुपए जी-पे से भेजने का दावा किया। आरोपी ने मोबाइल में फर्जी भुगतान संदेश दिखाया। दुकानदार खाते में राशि जांचने लगे, तभी वह काउंटर पर रखी अंगूठी लेकर फरार हो गया। बाद में पता चला कि खाते में कोई राशि जमा नहीं हुई थी।

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

डोंगरी पुलिस की अपराध शाखा ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल प्रकाश करपे (32) को कल्याण पूर्व के करपेवाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों का पता लगाकर उसे दबोच लिया।

तलाशी लेने पर उसके पास से 2,190 रुपये नकद और 6.63 ग्राम वजन की सोने की एक चेन बरामद हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि यह चेन मानपाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज एक अन्य ठगी के मामले से संबंधित है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और इसी तरह की वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है।

सात मामलों का खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी राहुल प्रकाश करपे ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने स्वीकार किया कि डोंगरी, कालाचौकी, एपीएमसी नवी मुंबई, नारपोली, मानपाड़ा, कोपरी और कापुर बावड़ी थाना क्षेत्रों में भी उसने इसी तरह फर्जी जी-पे भुगतान का झांसा देकर ज्वेलर्स को ठगा था।

आरोपी दुकानदारों को नकली ऑनलाइन पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर कीमती आभूषण लेकर फरार हो जाता था। उसके कबूलनामे के बाद पुलिस अब सभी संबंधित मामलों की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उसने अन्य जगहों पर भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com