Mumbai Ahmedabad Bullet Train Project News Update: मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत साबरमती नदी पर बन रहा हाईटेक ‘स्पीड ब्रिज’ तेजी से आकार ले रहा है।
यह पुल भारत की आधुनिक इंजीनियरिंग क्षमता का प्रतीक बनकर उभर रहा है, जो परियोजना की गति को और तेज करेगा। यह पुल साबरमती नदी के ऊपर लगभग 480 मीटर लंबा और करीब 36 मीटर ऊंचा बनाया जा रहा है। इसे पश्चिम रेलवे की अहमदाबाद-दिल्ली मुख्य लाइन के समानांतर विकसित किया जा रहा है, जिससे परियोजना की कनेक्टिविटी मजबूत होगी।'
इस ब्रिज की सबसे खास बात इसकी निर्माण तकनीक है। इसे बैलेंस्ड कैंटिलीवर तकनीक के जरिए तैयार किया जा रहा है, जिसमें बिना पारंपरिक सपोर्ट के बड़े स्पैन बनाए जाते हैं। इस तकनीक के इस्तेमाल से पुल की मजबूती और स्थिरता दोनों सुनिश्चित होती हैं।
मुंबई अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना के तहत 36 मीटर ऊंचे कुल आठ पियर्स का निर्माण पूरा किया जा चुका है। इनकी ऊंचाई 31 से 34 मीटर के बीच है। इनमें से चार पियर्स नदी के भीतर बनाए गए हैं, जबकि अन्य किनारों पर स्थित हैं, ताकि नदी के प्राकृतिक प्रवाह को प्रभावित न किया जाए।
ये भी पढ़ें :- मुंबई में SRA प्रोजेक्ट्स से 1.75 लाख लोगों को मिलेगा घर, अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश
निर्माण के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि नदी का प्राकृतिक प्रवाह बाधित न हो। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से यह मेगा प्रोजेक्ट पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह पुल तैयार होने के बाद देश की हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं के लिए एक नया मानक स्थापित करेगा।