MSRTC NCMC Smart Card Mandatory Deadline Extended: महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बसों में सरकारी यात्रा रियायतों का लाभ लेने के लिए एनसीएमसी (NCMC) स्मार्ट कार्ड अनिवार्य करने की समयसीमा अब 1 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। परिवहन मंत्री एवं एमएसआरटीसी के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने बताया कि बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों और महिला यात्रियों को अभी तक स्मार्ट कार्ड नहीं मिल पाया है। ऐसे में पात्र यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसलिए सरकार ने यह निर्णय लिया है।
राज्य सरकार ने पहले 1 अगस्त से यात्रा रियायत के लिए एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड अनिवार्य करने का निर्णय लिया था। हालांकि, स्मार्ट कार्ड वितरण की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण अब इसकी समयसीमा बढ़ाकर 1 सितंबर कर दी गई है। इससे हजारों पात्र यात्रियों को राहत मिलेगी और वे बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा रियायत का लाभ ले सकेंगे।
महाराष्ट्र सरकार की ओर से 'अमृत' योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है, जबकि अन्य वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को एसटी बस किराये में 50 प्रतिशत तक की छूट मिलती है। इन रियायतों को अधिक पारदर्शी, डिजिटल और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड प्रणाली लागू की जा रही है।
यह भी पढ़ें: - 13,600 करोड़ की कर्जमाफी से 16.96 लाख किसानों को राहत, महाराष्ट्र में अहिल्यादेवी होलकर योजना का पहला चरण शुरू
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि एसटी की यात्रा रियायतें आम लोगों की सुविधा के लिए हैं। तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से किसी भी पात्र वरिष्ठ नागरिक या महिला यात्री को परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से स्मार्ट कार्ड की अनिवार्यता की समयसीमा बढ़ाई गई है। उन्होंने सभी पात्र यात्रियों से अपील की कि वे 1 सितंबर से पहले अपना एनसीएमसी स्मार्ट कार्ड बनवा लें, ताकि भविष्य में यात्रा रियायत का लाभ बिना किसी बाधा के मिलता रहे।