Mithi River Desilting Scam Dino Morea EOW Questioning: मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने मीठी नदी की गाद सफाई यानी डीसिल्टिंग से जुड़े 65.54 करोड़ रुपये के कथित घोटाले की जांच के सिलसिले में बॉलीवुड अभिनेता डिनो मोरिया से शुक्रवार को करीब सात घंटे पूछताछ की। मोरिया मुंबई स्थित EOW कार्यालय पहुंचे और जांच में शामिल हुए।
अधिकारियों ने डिनो मोरिया से मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उनकी संभावित गिरफ्तारी को लेकर भी चर्चा रही,
लेकिन शाम तक उन्हें EOW कार्यालय से जाने दिया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जांच की जरूरत के अनुसार मोरिया को आगे पूछताछ या कानूनी प्रक्रिया के लिए दोबारा समन भेजा जा सकता है।
यह मामला मुंबई बीएमसी की ओर से मीठी नदी की गाद निकालने के लिए दिए गए ठेकों में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है।
जांच एजेंसी के अनुसार, मामले में उपकरणों के किराये को कथित तौर पर फर्जी या बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने और अन्य वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच की जा रही है।
जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, कथित फर्जीवाड़े के माध्यम से BMC को 65.54 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है।
EOW ने इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुंबई पुलिस ने कुल 13 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।
जांच के दौरान डिनो मोरिया का नाम कथित तौर पर सामने आया। अधिकारियों को वर्ष 2019 से 2022 के बीच मोरिया और मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल केतन कदम के बीच संदिग्ध वित्तीय लेन-देन से जुड़े सबूत मिलने की बात कही गई है।
केतन कदम, जिन्हें वोडर इंडिया का मालिक बताया गया है, और उनके सहयोगी जयेश जोशी को EOW पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी अब मामले में वित्तीय लेन-देन और अन्य कड़ियों की पड़ताल कर रही है।