विधान परिषद, शरद पवार सोर्स: नवभारत डिज़ाइन फोटो
मुंबई

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में पवार का पावर: शरद पवार गुट का 100% स्ट्राइक रेट, MVA ने जीतीं 3 सीटें

Maharashtra MLC Election: महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर एमवीए ने 3 सीटें जीतकर बढ़त हासिल की। एनसीपी (शरद पवार) ने 100% स्ट्राइक रेट दर्ज किया, वहीं बीजेपी केवल 1 सीट ही जीत पाई।

रूपम सिंह

Highlights

  • एमवीए ने 5 में से 3 सीटें जीतीं।

  • शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने दोनों सीटें जीतीं, भाजपा को एक मिली।

  • संजय राऊत ने भाजपा पर निशाना साधा।

MVA Victory Sharad Pawar NCP SP: महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव परिणाम करीब 45 घंटे की मतगणना के बाद स्पष्ट हो गए हैं। इन चुनावों में महाविकास आघाड़ी ने तीन सीटें जीतकर महायुति के मुकाबले बढ़त हासिल की। एनसीपी (शरद गुट) ने जिन दो सीटों पर चुनाव लड़ा, उन दोनों पर जीत दर्ज की।

वहीं कांग्रेस और शिवसेना (शिंदे गुट) ने एक-एक सीट जीती। भाजपा तीन सीटों पर चुनाव मैदान में थी, लेकिन उसे केवल पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सफलता मिली। इस तरह भाजपा का जीत का स्ट्राइक रेट 33.33 प्रतिशत रहा, जबकि शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा का स्ट्राइक रेट 100 प्रतिशत रहा।

भाजपा को 3 में से 1 सीट

भाजपा ने नागपुर स्नातक, पुणे स्नातक और पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे थे। इनमें से केवल पुणे शिक्षक सीट पर पार्टी के कौस्तुभ गावडे जीत सके। नागपुर स्नातक सीट पर कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने भाजपा के सुधाकर कोहले को हराया, जबकि पुणे स्नातक सीट पर भाजपा की स्मिता जाधव को हार का सामना करना पड़ा। इस तरह भाजपा तीन में से केवल एक सीट जीत सकी और उसका स्ट्राइक रेट 33.33 प्रतिशत रहा।

शरद पवार की विचारधारा के प्रति समर्थन की पुष्टि : एनसीपी

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि विधान परिषद चुनाव में महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के तीन उम्मीदवारों की जीत ने शरद पवार की प्रगतिशील विचारधारा के प्रति समर्थन की पुष्टि की है। शशिकांत ने एक बयान में कहा कि राकांपा (शरदचंद्र पवार) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख जाधव और डॉ. प्रतापसिंह

वेदप्रकाश पाटिल ने क्रमशः पुणे और मराठवाड़ा स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों से जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों से साबित हुआ है कि राकांपा (शप) को आम लोगों और युवाओं का समर्थन अब भी हासिल है। राकांपा (शप) नेता ने उन दावों को खारिज किया कि शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी राजनीतिक रूप से अप्रासंगिक हो गई है।

शरद पवार की पार्टी ने दोनों सीटें जीतीं

राकां (शरद गुट) ने पुणे स्नातक और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे थे। पुणे से हर्षदा देशमुख-जाधव और छत्रपति संभाजीनगर से प्रतापसिंह पाटिल ने जीत दर्ज की। पार्टी ने दोनों सीटों पर जीत हासिल कर 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट दर्ज किया।

कांग्रेस और शिंदे सेना का 50 प्रतिशत स्ट्राइक रेट

कांग्रेस ने नागपुर स्नातक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव लड़ा। नागपुर में अभिजीत वंजारी ने जीत हासिल की, जबकि अमरावती में कांग्रेस की अदिति पोहरे को हार मिली कांग्रेस ने दो में से एक सीट जीतकर 50 प्रतिशत स्ट्राइक रेट दर्ज किया। वहीं, शिवसेना (शिंदे गुट) ने पुणे शिक्षक और अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में उम्मीदवार उतारे थे। अमरावती में किरण सरनाईक ने जीत दर्ज की, जबकि पुणे शिक्षक सीट पर शिवसेना समर्थित उम्मीदवार सचिन सानप को पराजय का सामना करना पड़ा। इस तरह शिंदे सेना का स्ट्राइक रेट भी 50 प्रतिशत रहा।

पढ़े-लिखे मतदाताओं ने भाजपा को नकारा

महाराष्ट्र विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की पांच सीटों के चुनाव परिणामों को लेकर सियासत गरमा गई है। एमवीए की तीन सीटों पर जीत और सत्तारूढ़ महायुति को दो सीटें मिलने के बाद शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि राज्य के स्नातक मतदाताओं ने भाजपा और उसके सहयोगियों को नकार दिया है।

राऊत ने तंज कसते हुए कहा कि पढ़े-लिखे मतदाताओं ने भाजपा को उसकी जगह दिखा दी। महाराष्ट्र में भाजपा की हार का कारण चुनाव मतपत्रों के जरिए कराया जाना है। राऊत ने हालांकि यह भी माना कि चुनाव में सत्तारूढ़ और विपक्षी, दोनों खेमों में गठबंधन धर्म का पूरी तरह पालन नहीं हुआ।

भूटान में ग्लेशियर फटने से भारत में बाढ़ का खतरा, असम-बंगाल में अलर्ट; 10,000+ लोग सुरक्षित जगहों पर भेजे गए

सुप्रीम कोर्ट में भोजशाला विवाद की सुनवाई; सभी पक्षों को दस्तावेज पेश करने के लिए मिला 4 सप्ताह का समय

उत्तराखंड में मौसम बिगड़ने की चेतावनी, नैनीताल-पिथौरागढ़ समेत 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, ट्रेकिंग पर सख्ती

CIA ने रची थी होमी भाभा के मौत की साजिश? आखिर भारत के आइंस्टीन से क्यों डरती थी अमेरिकी सरकार

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का जन महाभियोग, SIR और वोट चोरी पर आज शक्ति प्रदर्शन, जानें पूरा शेड्यूल