Maharashtra Congress New District Presidents: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 69 नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के काम को पूरा कर लिया है।
इसके तहत ठाणे, भिवंडी, कल्याण, डोम्बिवली, मीरा भाईंदर नवी मुंबई, उल्हासनगर समेत कई ग्रामीण जिलों में नए चेहरों को मौका दिया गया है। कांग्रेस के इतिहास को देखते हुए यह काम आसान नहीं था, लेकिन संगठन में काम करने के अपने बेजोड़ अनुभव की बदौलत सपकाल ने यह काम कर दिखाया है। इस फैसले से पिछले कई सालों से विभिन्न जिलों में मठाधीश की तरफ पैर जमाये कई नेताओं की छुट्टी कर दी गई है।
वहीं नए लोगों को काम करने का मौका दिया गया है। साल 2029 में होने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस की इस एडवांस प्लानिंग को काफी अहम माना जा रहा है। कांग्रेस ने राज्यभर में चलाए जा रहे "संगठन सृजन अभियान" के अंतर्गत जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों की घोषणा करते सोशल इंजीनियरिंग का ख़ास ध्यान रखा है। इसमें सामाजिक संतुलन, विभिन्न समाज घटकों का प्रतिनिधित्व, संगठनात्मक क्षमता और स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेतृत्व जैसे मानदंडों के आधार पर ये नियुक्तियां की गई हैं।
पार्टी द्वारा नियुक्त वरिष्ठ पर्यवेक्षकों ने प्रत्येक जिले में लगभग 10 दिनों तक प्रवास कर कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों, स्थानीय नेताओं तथा विभिन्न समाज घटकों से विस्तृत संवाद किया।
जिला स्तर की संगठनात्मक स्थिति, स्थानीय नेतृत्व की स्वीकार्यता, जनाधार, सामाजिक प्रतिनिधित्व और पार्टी विस्तार की क्षमता का अध्ययन कर पर्यवेक्षकों ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को जिला अध्यक्षों के नामों की सिफारिशें सौंपी थीं।
ये भी पढ़ें :- महाराष्ट्र में संकट की आहट: अल-नीनो के खतरे पर अलर्ट राज्य सरकार, 30 जून से पहले होगी कर्जमाफी
इन सिफारिशों को एआईसीसी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा अंतिम मंजूरी दिए जाने के बाद जिला अध्यक्षों की नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा की गई है। कुल 69 जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है, जिनमें विभिन्न समाज घटकों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।