महाराष्ट्र में एयर और नई एंबुलेंस सेवाओं के लिए बनेंगे एकसमान नियम।
परिवहन विभाग ने 7 सदस्यीय समिति गठित की।
समिति दो महीने में SOP तैयार कर सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी।
Maharashtra Ambulance Rules Pratap Sarnaik: महाराष्ट्र में एयर एंबुलेंस और नई एंबुलेंस सेवाओं के संचालन को लेकर अब एकसमान नियम बनाए जाएंगे। इन सेवाओं की सुरक्षा, व्यवस्था और कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
परिवहन विभाग ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के लिए सात सदस्यीय समिति गठित की है। समिति को शासनादेश जारी होने की तारीख से दो महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी होगी। यह जानकारी परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने दी।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक की अध्यक्षता और सार्वजनिक स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर की उपस्थिति में 13 अक्टूबर को हुई बैठक में एयर एंबुलेंस और नई एंबुलेंस सेवाओं के लिए अलग-अलग एसओपी तैयार करने पर सहमति बनी थी।
इसके बाद परिवहन आयुक्त कार्यालय को समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में 23 नवंबर को शासनादेश जारी कर सात सदस्यीय समिति बनाई गई।
समिति की अध्यक्षता परिवहन आयुक्त कार्यालय के अपर परिवहन आयुक्त रवि गायकवाड करेंगे। इसके सदस्यों में यातायात की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोक्षदा पाटील, यातायात के अपर पुलिस महानिदेशक कार्यालय के पुलिस अधीक्षक सुनील भारद्वाज, सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की उपसचिव राजश्री सारंग, उपसंचालक जयंत मुले और परिवहन आयुक्त कार्यालय के सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ के पुलिस उपाधीक्षक प्रमोद तावडे शामिल हैं। परिवहन उपायुक्त सचिनकुमार गिरी सदस्य सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे।
समिति एयर एंबुलेंस और नई एंबुलेंस सेवाओं के संचालन से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। इसमें सेवाओं को सुरक्षित, प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए जरूरी उपायों पर विचार किया जाएगा। समिति अपनी सिफारिशों के साथ रिपोर्ट महाराष्ट्र सरकार को सौंपेगी। इसके आधार पर आगे एकसमान नियमावली तैयार की जाएगी।
परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक के अनुसार, इस पहल से एंबुलेंस सेवाओं के संचालन में मनमानी और अव्यवस्था पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। परिवहन, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग के समन्वय से तैयार होने वाली नियमावली का उद्देश्य राज्य की आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनाना है।