अगले 5 वर्षों में महाराष्ट्र के बुनियादी ढांचे में 100 अरब डॉलर निवेश का लक्ष्य
अकेले मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में 50 अरब डॉलर के प्रोजेक्ट जारी
नवी मुंबई एयरपोर्ट के पास 12 ग्लोबल यूनिवर्सिटीज वाली तीसरी मुंबई
वाढवण बंदरगाह व बुलेट ट्रेन से जुड़ी चौथी मुंबई विकसित होगी
धारावी अगले 10 वर्षों में नया बिजनेस हब बनेगा
Maharashtra Infrastructure Investment 100 Billion Dollar: महाराष्ट्र सरकार ने अगले पांच वर्षों में राज्य के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में 100 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शहरीकरण कोई समस्या नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास का बड़ा अवसर है। देश की कुल जीडीपी में शहरों की हिस्सेदारी करीब 65 प्रतिशत है। ऐसे में शहरों को आर्थिक विकास का इंजन मानते हुए नियोजित, टिकाऊ और नागरिक केंद्रित शहरी विकास पर ध्यान देने की जरूरत है।
मुंबई में आयोजित तीसरे वर्ल्ड मेयर्स फोरम का उद्घाटन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। अखिल भारतीय स्थानीय स्वशासन संस्था के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पश्चिम बंगाल के राज्य मंत्री उमेश राय, मुंबई की महापौर रितु तावड़े, संस्था के अध्यक्ष रणजीत चव्हाण, महानिदेशक जयराज पाठक और गवर्निंग काउंसिल के सदस्य राजकिशोर मोदी सहित देश-विदेश के महापौर, नगर प्रशासक और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पहले देश में शहरीकरण को समस्या मानकर रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उचित नियोजन के अभाव में अनियोजित शहर, झुग्गी बस्तियां, अपर्याप्त नागरिक सुविधाएं, पानी की कमी और कचरा प्रबंधन जैसी समस्याएं बढ़ीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 के बाद शहरीकरण को विकास के अवसर के रूप में देखने की सोच को आगे बढ़ाया। इससे शहरी प्रशासन और बुनियादी ढांचे के विकास को नई दिशा मिली।
सीएम फडणवीस ने बताया कि मुंबई महानगर क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में करीब 50 अरब डॉलर का निवेश कर बड़े पैमाने पर बुनियादी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। 300 किलोमीटर से अधिक मेट्रो नेटवर्क, सड़कें, फ्लाईओवर, सुरंगें, जलापूर्ति, सीवेज ट्रीटमेंट और ठोस कचरा प्रबंधन परियोजनाओं पर काम हो रहा है। उन्होंने टिकाऊ विकास, सक्षम परिवहन व्यवस्था और नागरिकों के लिए बेहतर जीवन स्तर को शहरी विकास के तीन प्रमुख आधार बताया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नवी मुंबई एयरपोर्ट के आसपास तीसरी मुंबई विकसित की जा रही है। इसमें एजु-सिटी, स्पोर्ट्स सिटी, मेडि-सिटी, इनोवेशन सिटी और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर सिटी जैसी सुविधाएं विकसित होंगी। यहां करीब एक लाख विद्यार्थियों की क्षमता वाली शैक्षणिक व्यवस्था और 12 विश्वस्तरीय विश्वविद्यालयों के कैंपस बनाने की योजना है। इनमें से सात विश्वविद्यालयों ने कामकाज शुरू कर दिया है।
वहीं, विरार से वाढवण क्षेत्र में चौथी मुंबई विकसित की जा रही है। वाढवण में देश के सबसे बड़े बंदरगाहों में से एक का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह बंदरगाह दुनिया के शीर्ष 10 बंदरगाहों में शामिल होगा। बुलेट ट्रेन और सुपर एक्सप्रेसवे के माध्यम से इस क्षेत्र को मुंबई से जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि अटल सेतु के कारण मुंबई से नवी मुंबई एयरपोर्ट क्षेत्र तक पहुंचने का समय काफी कम हुआ है। 22 किलोमीटर लंबे इस समुद्री पुल से फिलहाल करीब 40 मिनट में एयरपोर्ट पहुंचा जा सकता है। अगले वर्ष यह समय घटकर 30 मिनट होने की उम्मीद है।
सीएम फडणवीस ने कहा कि राज्य में एक ओर पुराने शहरों का पुनर्विकास किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर नए शहरों का निर्माण हो रहा है। मुंबई, पुणे, नागपुर, नासिक और छत्रपति संभाजीनगर में बड़े बदलाव हो रहे हैं। धारावी पुनर्विकास परियोजना के तहत वहां के निवासियों को सभी सुविधाओं से युक्त सम्मानजनक घर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुंबई के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र बीकेसी के साथ अगले दस वर्षों में धारावी भी एक महत्वपूर्ण व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र की 50 प्रतिशत से अधिक आबादी करीब 400 शहरों में रहती है, जबकि शेष आबादी लगभग 40 हजार गांवों में निवास करती है। इसलिए शहरों में बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना राज्य की बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। शहरी विकास के लिए केवल आर्थिक निवेश ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि राजनीतिक इच्छाशक्ति, दृढ़ संकल्प और उचित नियोजन भी जरूरी है। वैश्विक स्तर पर निवेश के लिए पूंजी उपलब्ध है, लेकिन इसके लिए व्यवहार्य और गुणवत्तापूर्ण परियोजनाएं तैयार होनी चाहिए।
देवेंद्र फडणवीस ने अपने नागपुर महापौर के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि नागरिकों को सड़क, पानी, स्वच्छता या अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्या होने पर वे सबसे पहले महापौर और नगरसेवकों से उम्मीद करते हैं। इसलिए महापौरों की जिम्मेदारी काफी चुनौतीपूर्ण होती है और उन्हें 24 घंटे सजग रहना पड़ता है।
उन्होंने इंदौर, अहमदाबाद और मुंबई जैसे शहरों की सफल कार्यप्रणालियों का अन्य शहरों में भी उपयोग करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय स्थानीय स्वशासन संस्था के शहरी प्रशासन, प्रशिक्षण और जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की क्षमता निर्माण में सौ वर्षों के योगदान की सराहना की। उन्होंने सम्मेलन में होने वाली चर्चाओं और सुझावों को महाराष्ट्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने का आग्रह किया तथा उन पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर देशभर के सफल शहरी उपक्रमों और बेहतर कार्यप्रणालियों पर आधारित पुस्तक का मुख्यमंत्री के हाथों विमोचन किया गया। केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने भी अपने विचार रखे। जयराज पाठक ने सम्मेलन के आयोजन और संस्था के कार्यों की जानकारी दी।