Railway Station Bomb Threat Mumbai: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई एक बार फिर अज्ञात खतरों के निशाने पर है। मंगलवार तड़के करीब 3 बजे मुंबई जीआरपी (GRP) कंट्रोल रूम में एक धमकी भरा कॉल आने से सुरक्षा महकमों में हड़कंप मच गया। अज्ञात कॉलर ने मुंबई के व्यस्त रेलवे स्टेशनों और महत्वपूर्ण आर्मी ऑफिसों को निशाना बनाने की बात कही है। इस सूचना के बाद से ही पूरी मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, कॉल करने वाले ने अपना नाम इरफान बताया। उसने बेहद सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि यदि आम लोगों की जान बचानी है, तो उसे 5 करोड़ रुपये देने होंगे। धमकी मिलने के तुरंत बाद रेलवे पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं।
सूत्रों के अनुसार, यह धमकी भरी कॉल रेलवे कंट्रोल के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर की गई थी। प्रारंभिक तकनीकी जांच में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जिस मोबाइल नंबर से कॉल किया गया, उसके तार पाकिस्तान से जुड़े हो सकते हैं। इस इनपुट ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, जिसके बाद केंद्रीय जांच एजेंसियां भी मामले पर नजर रखे हुए हैं।
धमकी को गंभीरता से लेते हुए मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), दादर, कुर्ला और बोरीवली जैसे प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते (BDDS) के साथ मिलकर पुलिस ने कई संवेदनशील इलाकों और सेना के कार्यालयों के आसपास गहन तलाशी अभियान (Search Operation) चलाया। हालांकि, अब तक कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे कॉल की सत्यता की जांच कर रहे हैं। साइबर सेल की मदद से कॉलर की सटीक लोकेशन और पहचान ट्रेस करने की कोशिश की जा रही है। मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।