Maharashtra Funding Infrastructure Pratap Sarnaik MLA: वर्षों से लंबित घोडबंदर की महत्वाकांक्षी शिवसृष्टि परियोजना को आखिरकार नई गति मिल गई है। महाराष्ट्र सरकार ने परियोजना के विकास और क्रियान्वयन की पूरी जिम्मेदारी महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल को सौंपने का निर्णय लिया है। लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना का संपूर्ण खर्च अब पर्यटन विभाग वहन करेगा। इस तरह की जानकारी परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने दिया।
उन्होंने कहा कि घोडबंदर किला परिसर में विकसित होने वाली शिवसृष्टि से क्षेत्र में पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है। इस संबंध में मंत्रालय में पर्यटन मंत्री शंभूराजे देसाई के कक्ष में आयोजित बैठक में वे बोल रहे थे।
बैठक में पर्यटन सचिव संजय खंदारे, मीरा-भायंदर मनपा की आयुक्त राधा बिनोद शर्मा और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि के रूप में वे लगातार प्रयास कर रहे थे कि घोडबंदर किला और उसके आसपास के क्षेत्र का पर्यटन की दृष्टि से विकास किया जाए।
घोडबंदर किला, खाड़ी तट, स्काई वॉक और अन्य पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने लगभग 200 करोड़ रुपए का निधि उपलब्ध कराया था। घोडबंदर किला परिसर के विकास के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
इसी उद्देश्य से घोडबंदर किले की तलहटी में 'शिवसृष्टि' स्थापित करने का प्रस्ताव उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के समक्ष रखा था, तब उन्होंने इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत वाली 'शिवसृष्टि' परियोजना को स्वीकृति प्रदान की थी।
ये भी पढ़े:- मुंबई सड़कों पर ट्रैफिक पुलिस का महा-अभियान; 15 दिनों में हजारों पर एक्शन, डिलीवरी बॉयज पर सबसे ज्यादा शिकंजा
परियोजना की कुल लागत में से 75 प्रतिशत निधि पर्यटन विभाग तथा शेष 25 प्रतिशत निधि संबंधित मुंबई मनपा द्वारा उपलब्ध कराने का निर्णय उच्चस्तरीय समिति ने लिया था। हालांकि, निर्णय प्रक्रिया और कार्यान्वयन में बेहतर समन्वय और परियोजना को तेजी से पूरा करने के लिए उन्होंने पर्यटन मंत्री शंभूराजे देसाई से आग्रह किया था कि संपूर्ण व्यय पर्यटन विभाग द्वारा वहन किया जाए, मंगलवार को हुई बैठक में पर्यटन मंत्री शंभूराजे देसाई ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके अनुसार घोडबंदर में प्रस्तावित 'शिवसृष्टि' परियोजना का पूरा खर्च पर्यटन विभाग के अंतर्गत महाराष्ट्र पर्यटन विकास महामंडल द्वारा वहन किया जाएगा। इस निर्णय से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को बड़ी गति मिलेगी और इसके शीघ्र पूरा होने का मार्ग प्रशस्त होगा। बैठक में उपस्थित अधिकारियों और परियोजना को सहयोग प्रदान करने के लिए पर्यटन मंत्री शंभूराजे देसाई का परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने आभार व्यक्त किया।