शक्कर के दाम घटेंगे प्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: सोशल मीडिया
मुंबई

त्योहारों से पहले सस्ती होगी चीनी! पर्याप्त भंडार से खुदरा दामों में गिरावट, जानें अब क्या है नया रेट

Sugar Prices News: त्योहारी सीजन से पहले देश में चीनी के पर्याप्त स्टॉक और आयात की वजह से किल्लत की आशंका दूर हो गई है। जानिए क्यों खुदरा बाजार में चीनी सस्ती होगी।

सूर्यप्रकाश मिश्र, आकाश मसने

Sugar Prices Festive Season India: त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले चीनी की कीमतों को लेकर उपभोक्ताओं के मन में सवाल खड़े हो रहे हैं। चीनी की कीमतों में लगी आग के बीच उद्योग संगठनों का कहना है कि आगामी त्योहारी मौसम में देश में चीनी की कमी की कोई आशंका नहीं है। पर्याप्त स्टॉक, सामान्य आपूर्ति, शुल्क-मुक्त आयात और चीनी मिलों में जल्द शुरू होने वाली पेराई से घरेलू बाजार में उपलब्धता बेहतर रहने की उम्मीद है। ऐसे में आने वाले दिनों में चीनी की कीमतों में कुछ नरमी देखने को मिल सकती है।

ठाणे जिला होलसेल व्यापारी व्यापारी बोले चीनी का पर्याप्त भंडार

कनफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के उपाध्यक्ष एवं ठाणे जिला होलसेल व्यापारी वेलफेयर महासंघ के अध्यक्ष सुरेश भाई ठक्कर ने बताया कि चीनी उद्योग से जुड़े प्रमुख संगठनों ने घरेलू मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त भंडार और आपूर्ति उपलब्ध होने की जानकारी दी है। उद्योग ने बाजार में किसी संरचनात्मक कमी की संभावना से भी इनकार किया है।

लागत से कम कीमत पर बिक रही थी चीनी

2025-26 सीजन के अधिकांश समय चीनी मिलों को उत्पादन लागत की तुलना में कम कीमत मिली। जून में औसत मिल-गेट कीमत करीब 39.5 से 40 रुपये प्रति किलो, जुलाई में 40 से 40.5 रुपये और अगस्त में करीब 41 से 41.5 रुपये प्रति किलो रही। जबकि उत्पादन की औसत लागत करीब 42 रुपये प्रति किलो बताई गई है।

अगस्त के तीसरे सप्ताह में कीमत कुछ समय के लिए 49-50 रुपये प्रति किलो तक पहुंची थी, लेकिन यह तेजी सीमित रही। इसके बाद पारदर्शी बिक्री कोटा और नियामकीय कदमों से मिल-गेट कीमतों में करीब 30 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसका असर अब धीरे-धीरे खुदरा बाजार में भी दिखाई दे रहा है।

अक्टूबर में बढ़ेगी चीनी की उपलब्धता

त्योहारी मांग को देखते हुए 2026-27 का पेराई सत्र सामान्य समय से 10 से 15 दिन पहले शुरू करने की तैयारी है। तमिलनाडु और कर्नाटक में भी विशेष पेराई गतिविधियां जारी हैं। इससे अक्टूबर में नई चीनी की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।

सरकार ने सितंबर के पहले पखवाड़े के लिए 13 लाख टन का बिक्री कोटा निर्धारित किया है। इसके अलावा 10 लाख टन शुल्क-मुक्त चीनी आयात की अनुमति दी गई है, जिसमें करीब 8 लाख टन का आवंटन हो चुका है। 2 लाख टन कच्ची चीनी के अतिरिक्त आयात और रिफाइनरों के जरिए 3 से 3.5 लाख टन अतिरिक्त आपूर्ति की भी योजना है।

खुदरा कीमत 62 रुपये तक आई

2025-26 सीजन में भारत का शुद्ध चीनी उत्पादन करीब 279 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि घरेलू खपत करीब 280-285 लाख टन है। सितंबर 2026 के अंत तक करीब 35 लाख टन शुरुआती भंडार रहने का अनुमान है।

फिलहाल खुदरा बाजार में चीनी करीब 62 रुपये प्रति किलो तक आ गई है। उपलब्ध स्टॉक, आयात और जल्द शुरू होने वाली पेराई को देखते हुए त्योहारी सीजन में आपूर्ति पर्याप्त रहने के साथ कीमतों में आगे भी कुछ नरमी की संभावना जताई जा रही है। यानी इस बार त्योहारों की मिठास महंगी होने के बजाय कुछ कम कीमत पर मिल सकती है।

सुभाष चंद्रा की बढ़ीं मुश्किलें, 1322 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में CBI ने दर्ज की FIR

भाग सकते हो, छिप नहीं सकते..., कश्मीर में सुरक्षाबलों ने लश्कर के पाकिस्तानी कमांडर यासिर को किया ढेर

सहारनपुर मस्जिद पर UP में गरमाई सियासत, मायावती ने की बुलडोजर कार्रवाई रोकने की मांग

Teacher’s Day पर PM मोदी की शिक्षकों संग खास बातचीत, पब्लिक स्पीकिंग से लेकर बच्चों के टैलेंट तक पर हुई चर्चा

Operation Chakra 6: डिजिटल अरेस्ट का खौफनाक खेल! 3 महीने बंधक बनाकर ऐंठे 42.36 करोड़, CBI ने दबोचे 3 एजेंट