उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी पर फोन टैपिंग को लेकर तीखा हमला बोला है।
शिंदे ने राहुल गांधी को मोदी फोबिया से ग्रस्त बताते हुए आरोपों को बेबुनियाद करार दिया।
शिंदे ने कहा कि राहुल राजनीतिक जमीन बचाने के लिए बचकाने आरोप लगा रहे हैं।
Eknath Shinde Attacks Rahul Gandhi Over Phone Tapping Allegations: कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से फोन टैपिंग को लेकर लगाए गए आरोपों पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तीखा पलटवार किया है। शिंदे ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘मोदी फोबिया’ से ग्रस्त बताते हुए कहा कि उन्हें जागते-सोते, उठते-बैठते केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही दिखाई देते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी पर ‘खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे’ वाली कहावत पूरी तरह सटीक बैठती है।
एकनाथ शिंदे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए कांग्रेस नेता पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम नहीं लेते, तब तक न उनकी खबर बनती है और न ही वे मीडिया की सुर्खियों में रहते हैं। इसी वजह से वे बार-बार प्रधानमंत्री को निशाना बनाते हैं।
राहुल गांधी के फोन टैपिंग से जुड़े आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिंदे ने कहा कि अपनी राजनीतिक जमीन बचाने और चर्चा में बने रहने के लिए कांग्रेस नेता बेबुनियाद, मनगढ़ंत और बचकाने आरोप लगा रहे हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी के पास न कोई ठोस मुद्दा है, न विकास का विजन और न ही अपने आरोपों को साबित करने के लिए कोई प्रमाण है।
शिंदे ने यह भी कहा कि राहुल गांधी बार-बार सबूत होने का दावा करते हैं, लेकिन उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने नहीं रखते। शिंदे ने कहा कि रोज नए आरोप लगाना और नए नैरेटिव तैयार करना ही विपक्ष की राजनीति का हिस्सा बन गया है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। दूसरी ओर, विपक्ष के नेता अपने बयानों के कारण खुद ही राजनीतिक रूप से असहज स्थिति में पहुंच रहे हैं।
शिंदे के इस बयान से फोन टैपिंग के मुद्दे पर सत्तापक्ष और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के संकेत हैं।