देवेंद्र फडणवीस (सोर्स: सोशल मीडिया)
मुंबई

भारतीय संस्कृति हर जीव को देती है जीने का अधिकार, जैन दीक्षा महोत्सव में बोले CM फडणवीस

Jain Diksha Mahotsav Mumbai: मुंबई के जैन दीक्षा महोत्सव में CM फडणवीस ने अहिंसा, जीवदया और भारतीय संस्कृति के महत्व पर बात की। सूखाग्रस्त क्षेत्रों की मदद की अपील की और अनंत अंबानी को करुणादूत बताया।

अखिलेश तिवारी, गोरक्ष पोफली

Highlights

  • भारतीय संस्कृति प्रत्येक जीव को जीने का अधिकार देती है: फडणवीस।

  • जैन धर्म के अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह और जीवदया के सिद्धांतों की सराहना।

  • सूखाग्रस्त क्षेत्रों में किसानों, नागरिकों और पशुधन की मदद की अपील।

  • नम्रमुनि महाराज की ओर से सूखा प्रभावित क्षेत्रों के लिए सहायता अभियान।

  • अनंत अंबानी को बताया करुणादूत, वनतारा के कार्यों की प्रशंसा।

Devendra Fadnavis Speech At Jain Diksha Mahotsav Mumbai: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि जैन धर्म ने केवल मनुष्य ही नहीं, बल्कि सृष्टि के प्रत्येक जीव के जीने और उसकी रक्षा करने का विचार दिया है।

अहिंसा, सत्य, अपरिग्रह, आत्मसंयम और जीवदया जैन दर्शन की प्रमुख विशेषताएं हैं। इनके माध्यम से मानवता के कल्याण का व्यापक संदेश दिया गया है। पश्चिमी विचारधारा जहां समर्थ व्यक्ति के अस्तित्व को महत्व देती है, वहीं भारतीय संस्कृति प्रत्येक जीव को जीने का अधिकार देती है और उसके जीवन की व्यवस्था करने की जिम्मेदारी समाज पर डालती है। जैन धर्म ने इस विचार को और व्यापक स्वरूप दिया है।

मुंबई दीक्षा महोत्सव में सीएम फडणवीस और एकनाथ शिंदे

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में राष्ट्रसंत परम पूज्य नम्रमुनि महाराज की उपस्थिति में आयोजित जैन दीक्षा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने पहली बार दीक्षा ग्रहण करने वाले दीक्षार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि दीक्षा लेने का विचार करना, दीक्षा ग्रहण करना और जीवनभर उस व्रत का पालन करना, ये तीनों ही बेहद कठिन कार्य हैं। हालांकि, त्याग और आत्मसंयम के माध्यम से जीवन को नई दिशा देने की क्षमता जैन धर्म में है। जैन तीर्थंकरों का दिया गया संदेश केवल किसी एक व्यक्ति के कल्याण तक सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण की बात करता है।

फडणवीस ने कहा कि परम पूज्य नम्रमुनि महाराज ने अपने विचारों के माध्यम से लाखों लोगों के जीवन को प्रभावित किया है और उन्हें अहिंसा, जीवदया तथा प्राणीमात्र के प्रति करुणा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी है। उन्होंने केवल विचारों में ही नहीं, बल्कि व्यवहार में भी करुणा को अपनाने की सीख दी है।

सूखाग्रस्त क्षेत्रों की मदद के लिए किया आह्वान

महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों की स्थिति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अल नीनो के प्रभाव के कारण राज्य के बड़े हिस्से को सूखे का सामना करना पड़ रहा है। इन क्षेत्रों में पीने के पानी, पशुओं के चारे और पानी की गंभीर समस्या पैदा हो गई है। उन्होंने जब यह स्थिति नम्रमुनि महाराज के संज्ञान में लाई तो उन्होंने तत्काल सहायता के लिए तत्परता दिखाई।

नम्रमुनि महाराज ने पशुधन के लिए चारा और पानी, किसानों की सहायता तथा नागरिकों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सूखे के इस संकट में समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी क्षमता के अनुसार मदद के लिए आगे आना चाहिए। केवल करुणा, जीवदया और मानवता की बातें करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें व्यवहार में उतारने का यही समय है। सूखाग्रस्त क्षेत्रों के नागरिकों और पशुधन को राहत पहुंचाने के लिए सभी को योगदान देना चाहिए।

अनंत अंबानी वास्तव में करुणादूत : मुख्यमंत्री

अनंत अंबानी को करुणादूत पुरस्कार प्रदान करने के लिए नम्रमुनि महाराज का आभार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि अनंत अंबानी में प्राणिमात्र के प्रति असाधारण करुणा है। मनुष्यों की तरह ही पशु-पक्षी भी उनके मित्र हैं। जीव-जंतुओं के प्रति संवेदना को उन्होंने अपने जीवन का उद्देश्य बनाया है।

फडणवीस और अनंत अंबानी

जीवदया मिशन और वनतारा परियोजना की सराहना

देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुकेश अंबानी के नेतृत्व में अनंत अंबानी ने एक उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बनाई है। लेकिन इससे आगे बढ़कर उन्होंने जीवदया के कार्य को एक व्यापक मिशन का स्वरूप दिया है। वनतारा इसी सोच से तैयार किया गया एक उल्लेखनीय प्रकल्प है।

उन्होंने कहा कि वनतारा में पशुओं को आश्रय, स्नेह और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। विलुप्त होने की कगार पर पहुंच चुकी प्रजातियों के संरक्षण और उनके पुनर्जीवन का काम भी यहां किया जा रहा है। अनंत अंबानी की करुणा केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि सृष्टि के प्रत्येक जीव तक पहुंचती है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि करुणादूत पुरस्कार मिलने से उन्हें भविष्य में और बड़े स्तर पर काम करने की प्रेरणा मिलेगी।

इस दीक्षा महोत्सव में कौशल, रोजगार, उद्यमिता एवं नवाचार मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, पूर्व मुख्य न्यायाधीश भूषण गवई, उद्योगपति मुकेश अंबानी, अनंत अंबानी, मुंबई की महापौर रितु तावड़े सहित विभिन्न संप्रदायों के संत-महंत और कई क्षेत्रों के गणमान्य लोग उपस्थित थे।

India Bloc Sharad Pawar Meeting in Mumbai LIVE: स्टालिन के बाद शरद पवार को मनाने पहुंचेंगे राहुल गांधी

स्टालिन से मिले इंडिया ब्लॉक के नेता, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK; राहुल बोले परिसीमन तमिलनाडु के खिलाफ

Delimitation Bill Live: स्टालिन से मिले राहुल गांधी, मोदी सरकार का साथ नहीं छोड़ेगी DMK

शरद पवार की राष्ट्रवादी पर भाजपा की नजर? महाजन बोले- राजनीति में कुछ भी असंभव नहीं

पटना में इन्फ्लुएंसर के कार्यक्रम पर बवाल, अनुमति नहीं मिलने से भड़के समर्थकों ने BJP ऑफिस पर की पत्थरबाजी