Devendra Fadnavis Challenges Rahul Gandhi: NEET परीक्षा में कथित धांधली को लेकर देश में मचे सियासी घमासान के बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष और विशेष रूप से कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। फडणवीस ने राहुल गांधी को भगोड़ा की संज्ञा देते हुए खुली चुनौती दी है कि वे छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर राजनीति करना बंद करें और अगर उनमें हिम्मत है, तो संसद में आकर इस मुद्दे पर चर्चा करें।
देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे सचमुच छात्रों का भला चाहते हैं और लोकतंत्र व संविधान में विश्वास रखते हैं, तो उन्हें संसद के मंच का उपयोग करना चाहिए। फडणवीस ने आरोप लगाया कि विपक्ष चर्चा से इसलिए भाग रहा है क्योंकि उन्हें डर है कि उनकी अपनी पोल खुल जाएगी।
उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों को आईना दिखाते हुए कुछ प्रमुख राज्यों के उदाहरण दिए
फडणवीस ने कड़े शब्दों में कहा, छात्रों के भविष्य के साथ राजनीति करना बंद कीजिए। अगर आपके पास सवाल हैं, तो जवाब मांगिए, और सुझाव हैं, तो सरकार को उन पर अमल करने के लिए मजबूर कीजिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बचाव में उतरते हुए फडणवीस ने आंकड़ों के जरिए यूपीए और वर्तमान सरकार की तुलना की। उन्होंने बताया कि जहां यूपीए सरकार के समय शिक्षा का बजट मात्र ₹8000 करोड़ हुआ करता था, वहीं मोदी सरकार ने इसे बढ़ाकर ₹1 लाख 39 हजार करोड़ तक पहुंचा दिया है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार इस मामले पर बेहद सख्त है। पेपर लीक करने वालों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए सजा का प्रावधान किया गया है, नीट की री-एग्जाम बिना किसी बाधा के पूरी कर ली गई है, जिससे भविष्य के रास्ते खुले हैं और देश में आईआईटी और एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का विस्तार हुआ है।
उद्धव ठाकरे के आंदोलन में कूदने पर सीएम देवेंद्र फडणवीस ने तंज कसते हुए कहा कि वे केवल अपनी खिसकती हुई राजनीतिक जमीन तलाश रहे हैं। उन्होंने याद दिलाया कि महाराष्ट्र का सबसे बड़ा टीईटी घोटाला उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री रहते हुए हुआ था, जिसमें उनके मंत्री तक लिप्त पाए गए थे।
वहीं, छात्रों के समर्थन में आ रहे सेलिब्रिटीज पर भी फडणवीस ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जहां कुछ सेलिब्रिटी अच्छे मन से आ रहे हैं, वहीं कई लोग केवल रील बनाने और पॉपुलैरिटी हासिल करने के लिए छात्रों का सहारा ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बैग में ड्रग्स रख कर अंदर कर दूंगा, प्रोटेस्ट में छात्रों को फंसाने की धमकी देने वाला पुलिसकर्मी हुआ सस्पेंड
मुंबई में पुलिसकर्मी द्वारा छात्रों को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देने वाले वीडियो पर फडणवीस ने साफ कहा कि सरकार ऐसी हरकतों की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने पुष्टि की कि उस पुलिसकर्मी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई है और पूरे मामले की सत्यता की जांच जारी है।
फडणवीस के इस कड़े रुख ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकार नीट मामले में रक्षात्मक होने के बजाय अब विपक्ष के पिछले रिकॉर्ड को लेकर आक्रामक मोड में आ गई है। अब देखना यह है कि राहुल गांधी इस चुनौती को स्वीकार कर संसद में चर्चा के लिए सामने आते हैं या नहीं।