Devendra Fadnavis Breaks Silence On Delhi Shift Speculations: महाराष्ट्र की राजनीति के गलियारों में पिछले कुछ समय से एक ही सवाल सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना हुआ था कि क्या राज्य के कद्दावर नेता और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अब राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखने जा रहे हैं? क्या वे मुंबई छोड़कर दिल्ली का रुख करेंगे? इन तमाम अटकलों, चर्चाओं और राजनीतिक कयासों पर अब खुद देवेंद्र फडणवीस ने पूर्णविराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि वे कहीं नहीं जा रहे हैं और महाराष्ट्र की सेवा जारी रखेंगे।
दरअसल, केंद्रीय राजनीति में हाल ही में हुए कुछ घटनाक्रमों के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि फडणवीस को केंद्र में कोई बड़ी जिम्मेदारी दी जा सकती है। विशेष रूप से, जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नीट पेपर लीक मामले के चलते अपने पद से इस्तीफा दिया, उसी समय देवेंद्र फडणवीस का दिल्ली दौरा हुआ। इस संयोग ने इन चर्चाओं को हवा दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी मंत्रिमंडल विस्तार में फडणवीस को जगह मिल सकती है। इसके अलावा, पिछले एक महीने से यह चर्चा चल रही थी कि संसद के मानसून सत्र के दौरान उन्हें दिल्ली बुलाया जा सकता है।
इन तमाम अफवाहों पर चुप्पी तोड़ते हुए देवेंद्र फडणवीस ने बेहद स्पष्ट शब्दों में कहा, मैं मुंबई में हूँ और महाराष्ट्र में ही रहने वाला हूं। उन्होंने मीडिया से मुखातिब होते हुए साफ किया कि वे अपनी सेवा महाराष्ट्र में ही जारी रखेंगे। नागपुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने फिर दोहराया कि वे शाम को मुंबई लौट रहे हैं और उनका ठिकाना महाराष्ट्र ही है।
हाल ही में पंढरपुर में भगवान विट्ठल की अपनी पत्नी के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद भी देवेंद्र फडणवीस से यही सवाल पूछा गया था। उस समय उन्होंने आध्यात्मिक लहजे में उत्तर देते हुए कहा था, जो कुछ मिला है, वह उत्तम है, चित्त हमेशा संतुष्ट रहना चाहिए। उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में इस संकेत के रूप में देखा गया कि वे वर्तमान में अपनी भूमिका से पूरी तरह संतुष्ट हैं और दिल्ली जाने की उनकी कोई व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा नहीं है।
यह भी पढ़ें: मैं खुश हूं कि उद्धव को खुशी मनाने का मौका मिला, सीएम देवेंद्र फडणवीस का ठाकरे के अभिनंदन मोर्चे पर करारा तंज
फडणवीस को महाराष्ट्र में इंफ्रास्ट्रक्चर मैन के रूप में जाना जाता है, क्योंकि उनके कार्यकाल में राज्य में कई बड़े बुनियादी ढांचे के प्रोजेक्ट्स ने आकार लिया है। भाजपा के विस्तार में उनकी भूमिका को बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। इसी आत्मविश्वास के साथ उन्होंने विपक्ष, विशेषकर उद्धव ठाकरे गुट पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में विपक्ष ने केवल डायलॉग मारे हैं, जिनका जनता पर कोई असर नहीं होता। फडणवीस ने प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता का हवाला देते हुए कहा कि पूरा भारत मोदी जी के साथ है, जिसका प्रमाण उनके सोशल मीडिया वीडियो की वैश्विक पहुंच से मिलता है।