75 Day Traffic Power Block Train Changes: देश के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) के पुनर्विकास कार्य ने गति पकड़ ली है। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा किए जा रहे CSMT पुनर्विकास कार्य के लिए 75 दिनों का लंबा ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है।
मध्य रेलवे के अनुसार यह ब्लॉक 1 अक्टूबर से 15 दिसंबर 2026 तक चलेगा। यह ब्लॉक CSMT के प्लेटफॉर्म संख्या 14 एवं 15 और स्टेबलिंग लाइन संख्या 15 पर लिया जाएगा। इसके चलते इन प्लेटफॉर्मों से ट्रेन संचालन कार्य पूरा होने तक निलंबित रहेगा। ब्लॉक अवधि में कई प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।
ब्लॉक के दौरान CSMT आने वाली 7 अप मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों को CSMT के बजाय दादर स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। इनमें 11002 बल्लारशाह- CSMT नंदीग्राम एक्सप्रेस, 12810 हावड़ा-CSMT एक्सप्रेस, 12112 अमरावती-CSMT एक्सप्रेस, 11020 भुवनेश्वर-CSMT कोणार्क एक्सप्रेस, 22120 मडगांव-CSMT तेजस एक्सप्रेस, 22144 बीदर-CSMT एक्सप्रेस और 22108 लातूर-CSMT एक्सप्रेस शामिल हैं।
इसके अलावा ट्रेन संख्या 12134 मंगलुरु-CSMT एक्सप्रेस को भी ब्लॉक अवधि में CSMT के बजाय ठाणे स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। यात्रियों को यात्रा की योजना बनाते समय संबंधित ट्रेन के बदले हुए टर्मिनेशन स्टेशन की जानकारी पहले से जांचने की सलाह दी गई है।
CSMT पुनर्विकास परियोजना के फेज-I के तहत रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) द्वारा कार्य किया जा रहा है। परियोजना के तहत प्लेटफॉर्म संख्या 14 और 15 तथा स्टेबलिंग लाइन संख्या 15 पर नींव (Foundation) निर्माण सहित अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्य किए जाएंगे। कार्य पूरा होने के बाद RLDA इन प्लेटफॉर्मों को ट्रेन संचालन के लिए रेलवे को सौंपेगा।
मध्य रेलवे के अनुसार, CSMT पुनर्विकास परियोजना के तहत ट्रैफिक एवं पावर ब्लॉक लेना आवश्यक है, ताकि प्लेटफॉर्म और उससे जुड़े रेलवे बुनियादी ढांचे का निर्माण एवं आधुनिकीकरण निर्धारित समय में पूरा किया जा सके। इससे भविष्य में CSMT की यात्री सुविधाओं और ट्रेन संचालन से जुड़े बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।