Maharashtra Political Alliance: महाराष्ट्र की राजनीति के लिए यह दिन बेहद खास होता जा रहा है। बुधवार (24 दिसंबर) को जहां एक ओर ठाकरे बंधुओं ने बीएमसी चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान कर दिया है तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने भी अपना नया सियासी दांव खेल दिया है।
ठाकरे बंधुओं के साथ आते ही कांग्रेस ने अपने नए गठबंधन का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल और राष्ट्रीय समाज पक्ष के अध्यक्ष महादेव जानकर ने आगामी बीएमसी चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा की।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति को देखते हुए, साथ मिलकर काम करने पर चर्चा हुई। बीजेपी लोकतंत्र खत्म कर रही है। हमारा विचार है कि बहुजन हिताय बहुजन सुखाय। हम इस विचार के साथ एक साथ आ रहे हैं कि हमें तानाशाही के खिलाफ मिलकर लड़ना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि हम नगरपालिका और जिला परिषद के चुनाव मिलकर लड़ने की घोषणा कर रहे हैं। उन्होंने नगर पंचायत और नगर परिषद में भी हमारी मदद की है। हम घोषणा कर रहे हैं कि हम भविष्य में भी साथ मिलकर लड़ेंगे।
यह भी पढ़ें - जब तक मैं BJP के साथ हूं…ठाकरे बंधु की युति पर अठावले का बड़ा बयान, बताया कौन बनेगा मुंबई का मेयर
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा, "हमें जितने भी आवेदन मिले हैं, उनकी अभी समीक्षा की जा रही है, और पार्टी कार्यकर्ताओं के बारे में चर्चा चल रही है। एक बार यह तय हो जाने के बाद कि कांग्रेस कार्यकर्ता कहाँ से चुनाव लड़ेंगे, दूसरे समान विचारधारा वाले लोगों को भी साथ लाने की कोशिश की जाएगी। यह प्रक्रिया अभी जारी है।"