Congress Protest Maharashtra SIR Dispute Gyanesh Kumar Resignation: महाराष्ट्र के सभी शहरों सहित दिल्ली और कई राज्यों में कांग्रेस ने सोमवार को प्रदर्शन किया। पार्टी ने एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और निर्वाचन आयोग पर पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। पार्टी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार लोकतंत्र के लिए दाग हैं।
पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग सत्तारूढ़ भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। एसआईआर से जुड़े फैसलों और आदेशों को लेकर एक मीडिया की रिपोर्ट प्रकाशित होने के बाद विवाद और तेज हो गया है।
रिपोर्ट में दावा किया गया था कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने कई मौकों पर एसआईआर से जुड़े फैसलों पर आपत्ति जताई थी।
सीजेपी ने सीईसी के खिलाफ 'ज्ञानू मस्ट गो' आंदोलन छेड़ दिया है। मुंबई पुलिस द्वारा शिवाजी पार्क में प्रस्तावित आंदोलन की अनुमति न देने के बाद भी दिपके ने 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के दिन मुंबई में जेल भरो आंदोलन की घोषणा की है।
दिपके ने कहा कि नागरिकों की आवाज दबाने के प्रयास स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि आंदोलन के कारण यातायात जाम होने के साथ आसपास के अस्पतालों तक आपातकालीन वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस ने आयोजकों को मुंबई में अन्य स्थान का विकल्प तलाशने की सलाह दी है।
पुणे शहर में कांग्रेस की जिला इकाई ने कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद पार्टी नेताओं ने उप जिलाधिकारी ज्योति कदम को ज्ञापन सौंपकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
नागपुर शहर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संविधान चौक पर प्रदर्शन किया और कलेक्ट्रेट की ओर मार्च निकाला। शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रफुल गुडधे ने आरोप लगाया कि ज्ञानेश भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। यह लोकतंत्र और मतदान के अधिकार पर हमला है। युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव याज्ञवल्क्य जिचकर ने भी सीईसी के इस्तीफे की मांग की।
कोल्हापुर में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया।