Maharashtra E20 Petrol Controversy ‘ई-20’ को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार को घेरा है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने इस मामले में बड़े घोटाले का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस इसके लिए ज़िम्मेदार हैं। इथेनॉल घोटाले को लेकर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को इस्तीफा दे देना चाहिए।
सपकाल ने सोमवार को पार्टी के तिलक भवन कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने से सरकार के भीतर कुछ खास लोगों और उनके परिवारों को को करोड़ों रुपये का फ़ायदा हुआ है लेकिन इससे देश भर में लाखों वाहन मालिकों को बेवजह परेशानी हुई है।
वाहनों में कई तरह की मैकेनिकल दिक्कतें आ गई हैं जिससे यह एक बड़ा घोटाला बन गया है। उन्होंने कहा कि ई-20 को असल में 2030 में लागू किया जाना था लेकिन मोदी सरकार ने कुछ खास लोगों को फ़ायदा पहुंचाने के लिए जल्दबाजी में यह फ़ैसला लागू कर दिया। खाड़ी देशों में ईंधन की कमी का फ़ायदा उठाकर
कथित तौर पर एक बड़ा घोटाला किया गया है। गडकरी इथेनॉल के सबसे बड़े समर्थक रहे हैं। इस घोटाले में कई बिचौलिए भी शामिल हैं और उनकी भूमिका जल्द ही सामने आएगी। पीएम मोदी को पेट्रोल की कीमत पर पानी बेचकर लोगों को धोखा देने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
सपकाल ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस को दिल्ली भेजने की कोशिशें चल रही हैं। वे खुद भी वहां जाने के लिए उत्सुक हैं। महायुति सरकार के भीतर फडणवीस को राजनीतिक रूप से कमजोर करने की कोशिशें हो रही हैं।
असल में ‘महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री’ अमित शाह हैं, जबकि फडणवीस सिर्फ ‘नाममात्र’ के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और आरएसएस दोनों ही किसी भरोसेमंद व्यक्ति को चाहते हैं। फडणवीस इस भूमिका के लिए बिल्कुल सही हैं।