BMC कार्यालय (सोर्स: सोशल मीडिया) 
मुंबई

जनता सहे लोकल के झटके, पर BMC के माननीयों को स्कॉर्पियो में होता है पीठ दर्द! अब चाहिए महंगी इनोवा क्रिस्टा

BMC Leaders Demand Innova Crysta: आम जनता मुंबई लोकल में धक्के खाती है, वहीं BMC के दिग्गज नेताओं को 20 लाख की स्कॉर्पियो-एन में पीठ दर्द होने लगा है। अब बीएमसी नेताओं को इनोवा क्रिस्टा चाहिए।

गोरक्ष पोफली

BMC Leaders Vehicle Demand: मुंबई की पहचान उसकी रफ्तार है, और इस रफ्तार की धड़कन है मुंबई लोकल। रोज़ाना लाखों मुंबईकर इस लोकल ट्रेन में डिब्बे के अंदर धक्का-मुक्की सहते हुए, पसीने में तर-बतर होकर और झटके सहते हुए अपने दफ्तर पहुंचते हैं। लेकिन जरा ठहरिए! अगर आप सोचते हैं कि जनता के ये 'झटके' उनके प्रतिनिधियों को भी महसूस होते होंगे, तो आप गलत हैं। एशिया की सबसे अमीर महानगरपालिका, बीएमसी के गलियारों से एक ऐसी खबर आई है जो आम आदमी के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसी है।

मीडिया रिपोर्ट्स का दावा है कि बीएमसी के दिग्गज नेताओं जिनमें सदन के नेता, उपमहापौर, विभिन्न समितियों के अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष शामिल हैं ने मौजूदा सरकारी गाड़ियों को रिजेक्ट कर दिया है। वजह जानकर आप दंग रह जाएंगे। इन नेताओं का कहना है कि महज कुछ महीने पहले खरीदी गई 20 लाख रुपये से अधिक की स्कॉर्पियो-एन में उन्हें झटके लगते हैं और उनकी पीठ में दर्द होता है। अब इन कोमल शरीर वाले नेताओं को अपनी सवारी के तौर पर इनोवा क्रिस्टा चाहिए, ताकि उनका सफर मखमली हो सके।

जनता का पैसा और लग्जरी का शौक

हैरानी की बात यह है कि ये स्कॉर्पियो गाड़ियां अभी नई नवेली हैं और जनता की गाढ़ी कमाई के लाखों रुपये खर्च कर खरीदी गई थीं। लेकिन अब इन गाड़ियों को अधिकारियों को दे दिया जाएगा और नेताओं की पीठ बचाने के लिए फिर से लाखों रुपये पानी की तरह बहाकर नई इनोवा गाड़ियां खरीदी जाएंगी। म्युनिसिपल कमिश्नर के सामने जल्द ही यह शाही प्रस्ताव पेश होने वाला है।

स्कॉर्पियो N मतलब नेताओं के लिए No

महिंद्रा कंपनी ने स्कॉर्पियो N का मतलब न्यू रखा था, पर बीएमसी नेताओं के लिए इसका मतलब नो हो गया है। अब उन्हें इनोवा क्रिस्टा का कम्फर्ट चाहिए, भले ही जनता का बजट डिस्कम्फर्ट में चला जाए। जनता का सवाल है कि नेताओं की छोड़ी हुई गाड़ियां अब अधिकारियों को मिलेंगी। यानी जो गाड़ी नेताजी की पीठ तोड़ रही थी, अब वह अधिकारियों की सेवा करेगी। क्या अधिकारियों की पीठ लोहे की बनी है?

बीएमसी में चल रहा गाडियों का खेल

एक तरफ मुंबई शहर पानी की किल्लत से जूझ रही है और बुनियादी सुविधाओं के अभाव में मासूमों की जान जा रही है, वहीं दूसरी तरफ बीएमसी में गाड़ियों का खेल चल रहा है। यह वाकई विडंबना है कि जो जनप्रतिनिधि जनता की तकलीफें दूर करने का दावा करते हैं, उनकी सबसे बड़ी तकलीफ एक लग्जरी एसयूवी की सीट है। जनता झटके खाने के लिए बनी है और नेताजी मलाई खाने के लिए।

नेपाल में बाढ़ से हाहाकार, मदद के लिए सबसे पहले आगे आया भारत; 10 टन राहत सामग्री भेजी, देखें लिस्ट

चीन में अजित डोभाल का बड़ा दांव, भारत-चीन सीमा वार्ता में 8 मुद्दों पर बनी बात, LAC पर शांति के लिए बड़ा कदम

मणिपुर दहलाने की साजिश नाकाम, 13 उग्रवादी गिरफ्तार, रॉकेट-ग्रेनेड से लैंडमाइन तक बड़े हथियार बरामद

तिब्बत में बाढ़ से तबाही, सद्गुरु के कैलाश यात्रा ग्रुप के लोग फंसे; 77 इमिग्रेशन सेंटर पर, देखें VIDEO

Explainer: नेपाल में अचानक क्यों आई भारी तबाही, क्या है वो असली वजह; जिसने तबाह की सैकड़ों जिंदगियां