हाईकोर्ट ने 30 जून 2026 को सेवानिवृत्ति भुगतान पर आदेश दिया था।
प्रशासन ने 20 नवंबर को हाईकोर्ट में शपथपत्र दाखिल किया था।
शपथपत्र में 13,510 कर्मचारियों को भुगतान का दावा किया गया।
संगठन ने उपदान पर 10% और अन्य बकाये पर 9% ब्याज मांगा।
BEST Retired Employees Pending Dues: बेस्ट उपक्रम से सेवानिवृत्त हुए हजारों अधिकारी-कर्मचारियों को ग्रेच्युटी,बची छुट्टी का वेतन, सुधारित दर से वेतन श्रेणी का फर्क और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ अब तक पूरी तरह नहीं मिले हैं। इसे लेकर बेस्ट जागृत कामगार संगठन ने बेस्ट की जीएम डॉ. सोनिया सेठी को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में मुंबई उच्च न्यायालय की खंडपीठ के आदेशों का हवाला दिया गया है। न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति आरती साठे की खंडपीठ ने 30 जून 2026 को दिए आदेश में स्पष्ट कहा था कि बेस्ट के महाप्रबंधक सेवानिवृत्त होने वाले हर कर्मचारी के भुगतान की जरूरत का आकलन कम से कम 5 से 6 महीने पहले करें और उसके लिए प्रावधान करें।
कोर्ट ने कहा था कि अन्य खर्चों को प्राथमिकता देकर सेवानिवृत्ति बकाया टालना अब नहीं चलेगा। यदि बिना कारण भुगतान में देरी हुई, तो यह संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 के तहत मूलभूत अधिकारों का उल्लंघन होगा और महाप्रबंधक व संबंधित अधिकारियों को कर्तव्य में लापरवाही का दोषी माना जाएगा।
संघटना का आरोप है कि बेस्ट प्रशासन ने हाईकोर्ट में 20 नवंबर को दाखिल शपथपत्र में गलत जानकारी दी है। शपथपत्र में दावा किया गया था कि 2 सितंबर 2022 से 31 मई 2024 के बीच 13,510 अधिकारी-कर्मचारियों को उपदान और अंतिम देयकों पर ब्याज समेत 2,50,91,33,703 रुपये दिए गए और 569 कर्मचारियों के लिए 6,67,14,850 रुपये के धनादेश तैयार हैं।
संघटना का कहना है कि वास्तविकता में अप्रैल 2024 तक बकाया दिया गया, जबकि सितंबर 2024 तक सिर्फ मूल रकम दी गई, ब्याज नहीं दिया गया। इसलिए पत्र में मांग की गई है कि विलंब से दिए गए उपदान पर 10% दर से ब्याज और अन्य रकमों पर 9% दर से ब्याज तुरंत दिया जाए। साथ ही सितंबर 2024 से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों का उपदान और अंतिम देयक ब्याज सहित तुरंत अदा किया जाए।
संघटना ने यह भी मांग की है कि जिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण ब्याज देना पड़ा, वह ब्याज की रकम उनके वेतन से वसूली जाए। न्यायालयीन प्रकरण में बेकार हुआ खर्च विधि विभाग के खाता प्रमुख से वसूला जाए। इसके अलावा सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार बोरीवली के अवैध निर्माण प्रकरण में विधि विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सहायक महाव्यवस्थापक (विधि) और अन्य संबंधित अधिकारियों को सक्ती की छुट्टी पर भेजा जाए।