बेस्ट बस मुंबई सोर्स- सोशल मीडिया
मुंबई

महाराष्ट्र BEST की बड़ी तैयारी! 5,000 नई बसें खरीदेगा प्रशासन, वेट लीज पर नए करार नहीं करने का फैसला

Mumbai BEST Bus Depot Redevelopment Plan: मुंबई की बेस्ट परिवहन सेवा वेट लीज मॉडल बंद कर खुद की 5,000 नई बसें खरीदेगी। 28 हजार करोड़ की कायापलट योजना और बेस्ट बजट 2027-28 के प्रमुख फैसले जानें।

रूपम सिंह

Highlights

  • बेस्ट अब खुद खरीदेगी 5,000 नई बसें, वेट लीज पर नए करार नहीं।

  • 27 बस डिपो के पुनर्विकास से जुटाए जाएंगे 28 हजार करोड़ रुपये।

  • बेस्ट के बजट में सुधार, परिवहन और बिजली विभाग की आय बढ़ने का अनुमान।

Mumbai BEST 5000 New Buses: मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली बेस्ट परिवहन सेवा अब अपने पुराने स्वरूप और कार्यप्रणाली की ओर लौटने की तैयारी कर रही है। वर्षों तक निजी संचालकों की बसों पर निर्भर रहने के बाद प्रशासन ने खुद की बसें खरीदने और उनका संचालन अपने हाथ में रखने का निर्णय लिया है।

बेस्ट की महाप्रबंधक सोनिया सेठी ने बजट बैठक में स्पष्ट किया कि भविष्य में वेट लीज व्यवस्था के तहत कोई नया करार नहीं किया जाएगा, हालांकि पीएम ई-ड्राइव योजना के अंतर्गत मंजूर 1,500 इलेट्रिक बसें इस मॉडल की अंतिम कड़ी होंगी।

वर्तमान में बेस्ट के बेड़े में स्वयं की बसों की संख्या घटकर मात्र 249 रह गई है, जबकि 2,628 बसें निजी ठेकेदारों के जरिए चल रही हैं। इस असंतुलन को दूर करने के लिए उपक्रम ने 5,000 नई बसें सीधे खरीदने की योजना बनाई है।

महाप्रबंधक सेठी ने कहा कि किराए की बसों के कड़वे अनुभवों के बाद यात्री अब बेस्ट की अपनी बसों की वापसी चाहते हैं, इसलिए केंद्रीय योजना के अतिरिक्त शेष बसें उपक्रम स्वयं खरीदेगा।

कायापलट योजना का खाका तैयार

इस विशाल बेड़े को खड़ा करने और व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए भारी पूंजी की आवश्यकता होगी, जिसे पूरा करने के लिए 28 हजार करोड़ रुपये की कायापलट योजना बनाई गई है। इस वित्तीय रणनीति के तहत शहर के 27 बस डिपो की बेशकीमती भूमि का व्यावसायिक उपयोग और आधुनिक पुनर्विकास किया जाएगा।

प्रशासन ने प्रीमियम एफएसआई के माध्यम से राजस्व अर्जित करने का लक्ष्य रखा है। इससे प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग नई बसों की खरीद और उनके सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कर्मचारियों की नई भर्ती प्रक्रिया के लिए किया जाएगा। इस कदम से सार्वजनिक परिवहन को मजबूती मिलने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

विद्युत विभाग का मुनाफा बढ़ा

टाटा पावर कंपनी से पूर्व में वसूली गई ईंधन समायोजन शुल्क की 400 करोड़ की राशि वर्ष 2026-27 में प्राप्त हुई है। इससे विद्युत विभाग का शुद्ध अधिशेष लाभ 2025-26 के 163.12 करोड़ से 14.23 प्रतिशत बढ़कर संशोधित बजट 2026-27 में 170.68 करोड़ हो गया है। वर्ष 2027-28 में इस मुनाफे में 10.82 प्रतिशत की और वृद्धि होने का अनुमान है।

बजट पेश, बेस्ट के खजाने में हुई बढ़ोतरी

मुंबई बेस्ट का 2026-27 का संशोधित और 2027-28 का मूल बजट शुक्रवार को बेस्ट समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इस बजट से यह स्पष्ट हुआ है कि 2025-26 के वास्तविक आंकड़ों की तुलना में 2026-27 के दौरान परिवहन और विद्युत आपूर्ति दोनों ही विभागों की आर्थिक स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

प्रशासन ने आगामी वित्त वर्ष 2027-28 में इस आर्थिक स्थिति के और अधिक मजबूत होने का अनुमान जताया है। परिवहन विभाग की कुल आय 2025-26 के वास्तविक 1,310,47 करोड़ से बढ़कर 2026-27 के संशोधित बजट में 2,340.14 करोड़ होने की उम्मीद है। वर्ष 2027-28 में यह आय 2,755.55 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है। दूसरी ओर, विभाग के घाटे को भी नियंत्रण में रखने में सफलता मिली है।

Shivangi Singh Tilak Photos: शिवांगी के तिलक में क्या-क्या हुआ खास? देखें समारोह की वायरल तस्वीरें

राजस्थान पंचायत चुनाव में BJP क्यों हारी? जानें 5 बहुत बड़े कारण; 20 मंत्री नहीं बचा पाए अपना गढ़

IIT खड़गपुर के 75 साल पूरे, पीएम नरेंद्र मोदी ने जारी किया स्मारक सिक्का, छात्रों से की खास बातचीत

महाराष्ट्र में भारत के पहले 100% इलेक्ट्रिक हाइड्रोफॉइल जहाज का सफल परीक्षण, समंदर में दौड़ा कंडेला P-12 जहाज

फिल्म धुरंधर से बिल्कुल अलग है दाऊद इब्राहिम की असली जिंदगी? पूर्व FBI एजेंट कामरान फरीदी ने किए कई बड़े दावे