Eknath Shinde announcements (सोर्सः सोशल मीडिया) 
मुंबई

स्वास्थ्य से लेकर स्वच्छता तक-बहुआयामी अभियान, बालासाहेब की जन्मशताब्दी पर डीसीएम शिंदे ने कीं बड़ी घोषणाएं

Balasaheb Thackeray Birth Centenary: बालासाहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी पर उपमुख्यमंत्री शिंदे ने महाराष्ट्र में स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़ी कई राज्यव्यापी योजनाओं की घोषणा की।

आंचल लोखंडे

Eknath Shinde Announcements: हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी के अवसर पर शिवसेना ने शुक्रवार को राज्यव्यापी कई लोकोपयोगी योजनाओं की घोषणा की। शिवसेना प्रमुख एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बालासाहेब भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में ‘आरोग्य आपल्या दारी’, ‘गड-किल्ले स्वच्छता मोहीम’ और ‘हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे नागरी लोक कल्याण अभियान’ सहित कई महत्वपूर्ण पहलों का ऐलान किया।

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने बताया कि बालासाहेब ठाकरे की जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में ‘आरोग्य आपल्या दारी’ अभियान के तहत पहले मुंबई और फिर पूरे महाराष्ट्र में घर-घर स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही राज्यभर में ‘हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे गड-किल्ले स्वच्छता मोहीम’ शुरू की जाएगी, जिसके अंतर्गत यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल 11 किलों सहित विभिन्न किलों को प्लास्टिक-मुक्त बनाया जाएगा। इन किलों पर आरओ जल फिल्टर लगाए जाएंगे और अभियान में सक्रिय भागीदारी करने वाले स्वयंसेवकों एवं संस्थाओं को 1 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

विभिन्न क्षेत्रों में बड़ा बजट आवंटन

उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘एसटी संगे तीर्थयात्रा’ योजना चलाई जाएगी। महिला बचत समूहों के सशक्तिकरण के लिए 100 करोड़ रुपये, मराठी भाषा संवर्धन के लिए 100 करोड़ रुपये और सड़क सुरक्षा अभियानों के लिए भी 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त, 10 हजार विद्यार्थियों को स्वरक्षण (सेल्फ-डिफेंस) का प्रशिक्षण दिया जाएगा और विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।

हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे नागरी लोक कल्याण अभियान

राज्य की 29 महानगर पालिकाओं और 394 नगर पालिकाओं में ‘हिंदुहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे नागरी लोक कल्याण अभियान’ चलाया जाएगा। इसके लिए नगर पालिकाओं को 1 करोड़ रुपये और महानगर पालिकाओं को 3 करोड़ रुपये का कोष उपलब्ध कराया जाएगा। नगर विकास विभाग द्वारा इस अभियान के लिए कुल 539 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। इसके तहत शहरी स्कूलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन स्कूलों को क्रमशः 10 लाख, 7 लाख और 5 लाख रुपये के पुरस्कार दिए जाएंगे।

बालासाहेब के सपनों को साकार करने की पहल

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि झोपड़पट्टी-मुक्त मुंबई के बालासाहेब ठाकरे के सपने को साकार करने के लिए महाराष्ट्र आवास विकास प्राधिकरण (म्हाडा) और अन्य संस्थाओं के माध्यम से कार्य शुरू हो चुका है, जिसके तहत 40 लाख मुंबईकरों को उनके अधिकार के पक्के घर उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि शिवसेना कार्यकर्ताओं की पार्टी है और उन्हें बालासाहेब ठाकरे के आशीर्वाद से ही मुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला। इस अवसर पर मंत्री प्रताप सरनाईक, उदय सामंत, विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोरे, महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश कदम और शिवसेना के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

Exclusive: मोदी-पुतिन से BRICS तक, पुतिन का भारत दौरा क्यों है अहम? डिफेंस एक्सपर्ट अनिल खोसला ने बताई वजह

BRICS Summit 2026 LIVE: नई दिल्ली से चीन के लिए रवाना शी जिनपिंग; ब्रिक्स नेताओं के साथ की अहम बैठक

Hindi Diwas 2026: 14 सितंबर को ही क्यों मनाया जाता है हिंदी दिवस? 77 साल पहले इस समझौते के बाद तय हुई थी तारीख

BRICS Summit के बाद चीन रवाना हुए शी जिनपिंग, भारत-चीन रिश्तों पर दिए 4 सुझाव

BRICS Summit 2026: मायावती ने की नई दिल्ली घोषणापत्र की तारीफ, कहा- कूटनीति के मोर्चे पर भारत को मिली कामयाबी