Bachchu Kadu met Raj Thackeray: महाराष्ट्र में निकाय चुनाव से पहले सभी राजनेता अपने हाथ-पैर मारने में जुटे हुए है। इसी दौरान किसानों की आत्महत्या भी बड़ा मुद्दा बना हुआ है। किसानों की आत्महत्या के मुद्दे पर चर्चा करने के लिए प्रहार जनशक्ति पार्टी के विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बच्चू कडू ने बुधवार को राज ठाकरे से मुलाकात की।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) अध्यक्ष राज ठाकरे से मुलाकात के दौरान बच्चू कडू ने महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या के मुद्दे पर गंभीरता से चर्चा की। यह मुलाकात मुंबई के शिवतीर्थ स्थित राज ठाकरे के आवास पर हुई।
प्रहार संगठन के विधायक बच्चू कडू ने किसानों की आत्महत्या के मुद्दे पर मनसे प्रमुख राज ठाकरे से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए बच्चू कडू ने कहा, "ऐसा हर दिन नहीं होता कि कोई किसान आत्महत्या करने से बच जाए। हम चाहते हैं कि सभी राजनीतिक दल इस मुद्दे पर एकजुट हों और मिलकर कोई समाधान निकालें।"
उन्होंने यह भी कहा कि यह आंदोलन चुनाव से जुड़ा नहीं है, बल्कि किसानों और देश के भविष्य के लिए है। उन्होंने बताया कि राज ठाकरे ने इस गंभीर मुद्दे पर विचार करने का आश्वासन दिया और कहा कि वह अन्य नेताओं के साथ इस पर चर्चा करेंगे और आगे की रणनीति तय करने के लिए एक विशेष बैठक बुलाएंगे।
इस मुद्दे पर एक दिवसीय राज्यव्यापी बंद का संकेत देते हुए उन्होंने कहा, "मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है। अगर यहां एक दिन का बंद होता है, तो इससे पूरे देश में एक बड़ा संदेश जाएगा। इससे गांव का किसान भी खुद को भाग्यशाली महसूस करेगा और अकेला नहीं रहेगा।"
यह भी पढ़ें - INDIA ब्लॉक की बैठक में गूंजेगा महाराष्ट्र निकाय चुनाव का मुद्दा! दिल्ली दौरे के लिए रवाना उद्धव
सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'X' पर मुलाक़ात की तस्वीर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा, "आज मैंने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे से शिवतीर्थ स्थित उनके आवास पर मुलाक़ात की। इस मुलाक़ात में किसानों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। राज साहब के मार्गदर्शन में किसानों को राहत पहुंचाने के लिए आगामी आंदोलन की दिशा, नीतियों और मांगों पर चर्चा हुई। राज साहब को मराठवाड़ा से शुरू होने वाले कर्ज़ माफी मार्च के लिए औपचारिक निमंत्रण दिया गया। उन्होंने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। इस मुलाक़ात में किसानों के अधिकारों के लिए हर स्तर पर लड़ने का संकल्प दोहराया गया।"
(एजेंसी इनपुट के साथ)