राहुल नार्वेकर और संजय राउत (सोर्स: IANS)
मुंबई

आदिवासियों की जमीन पर कब्जे का आरोप, राहुल नार्वेकर का पलटवार; संजय राउत को मानहानि के मुकदमे की चेतावनी

Alibag Tribal Land Row: अलीबाग के म्हात्रोली में आदिवासी परिवारों के विस्थापन पर संजय राउत ने राहुल नार्वेकर पर गंभीर आरोप लगाए। नार्वेकर ने आरोप खारिज कर मानहानि केस की चेतावनी दी।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • संजय राउत ने राहुल नार्वेकर पर आदिवासियों की जमीन कब्जाने के गंभीर आरोप लगाए।

  • नार्वेकर ने आरोपों को खारिज कर मानहानि का मुकदमा दायर करने की चेतावनी दी।

  • प्रशासनिक रिपोर्ट के अनुसार विस्थापित आदिवासी परिवारों को वैकल्पिक मकान और मुआवजा मिला है।

Sanjay Raut Vs Rahul Narwekar: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर सं

जय राउत और विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर आमने-सामने आ गए हैं। इस बार विवाद रायगढ़ जिले के अलीबाग तालुका के म्हात्रोली गांव में आदिवासी परिवारों के विस्थापन और जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर है।

संजय राउत ने सीएम फडणवीस को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के परिवार से जुड़ी जमीन पर रहने वाले करीब 20 कातकरी आदिवासी परिवारों के घर तोड़कर उन्हें जबरन बेदखल किया गया। उन्होंने इस मामले में नार्वेकर को पद से हटाने तक की मांग की है।

राउत के आरोपों पर राहुल नार्वेकर ने भी तीखा जवाब दिया है। उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि संबंधित जमीन आदिवासी जमीन नहीं, बल्कि भोगवटा क्रमांक-1 की जमीन है। उनके मुताबिक, इस मामले में 2024 से पहले ही शिकायतों का निपटारा हो चुका था और आदिवासी परिवारों को वैकल्पिक पक्के घर तथा मुआवजा दिया गया था। नार्वेकर ने राउत के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने की चेतावनी भी दी है।

आदिवासियों के घर तोड़ने पर संजय राउत के आरोप

संजय राउत ने 22 नवंबर को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे पत्र में दावा किया कि अलीबाग तालुका के म्हात्रोली गांव में करीब 20 कातकरी आदिवासी परिवार पीढ़ियों से रह रहे थे। उनके मुताबिक, इन परिवारों के घरों को 24 मार्च 2024 और उसके बाद जेसीबी की मदद से तोड़ा गया।

राउत का आरोप है कि संबंधित जमीन का गट नंबर 148/1 है और इसका क्षेत्रफल करीब 15 एकड़ है। फरवरी 2024 में यह जमीन विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने अपनी पत्नी सरोजिनी नार्वेकर के नाम पर खरीदी थी। राउत के मुताबिक, जमीन पर आदिवासी परिवारों के घर होने की जानकारी मिलने के बाद दशरथ पाटील नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर भीड़ के साथ पहुंचकर उनके घरों को ध्वस्त कराया।

घरपट्टी की रसीदों का दिया हवाला

अपने पत्र में संजय राउत ने महाराष्ट्र सरकार के 4 जनवरी 2017 के फैसले का हवाला देते हुए दावा किया कि इन परिवारों को उनके घरों के नीचे की जमीन पर मालिकाना अधिकार प्राप्त हैं। उन्होंने कहा कि परिवारों के पास पिछले 15-20 वर्षों की घरपट्टी की रसीदें भी मौजूद हैं।

राउत का आरोप है कि आदिवासी परिवारों ने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की, लेकिन उनकी शिकायतें दर्ज करने के बजाय उन्हें दबाव में लिया गया। यहां तक कि उनसे ऐसे दस्तावेजों पर अंगूठे लगवाए गए, जिनमें कथित तौर पर जमीन पर अपना अधिकार नहीं जताने की बात लिखी गई थी।

पूरे विवाद पर राहुल नार्वेकर का जवाब

संजय राउत के आरोपों पर राहुल नार्वेकर ने साफ कहा कि इनमें कोई तथ्य नहीं है। उन्होंने दावा किया कि जिस जमीन को आदिवासी जमीन बताकर विवाद खड़ा किया जा रहा है, वह भोगवटा क्रमांक-1 की जमीन है।

नार्वेकर के अनुसार, 2024 तक इस जमीन का मालिकाना हक बलदेवसिंह जाला के पास था। उनकी पत्नी सरोजिनी नार्वेकर ने यह जमीन जाला से बाद में खरीदी। उन्होंने यह भी कहा कि आदिवासी परिवारों और तत्कालीन जमीन मालिक के बीच पहले से विवाद था, लेकिन उस समय की शिकायतों में उनके या उनके परिवार के किसी सदस्य का नाम नहीं था।

नार्वेकर ने दावा किया कि तत्कालीन जमीन मालिक ने आदिवासी परिवारों के लिए दूसरी जगह पक्के घर बनवाए, कुछ परिवारों को आर्थिक मुआवजा दिया और बोरवेल की व्यवस्था भी की। पुनर्वास के बाद संबंधित परिवारों ने लिखित बयान और शपथपत्र देकर अपनी शिकायतों का निपटारा होने की बात कही थी।

तहसीलदार की रिपोर्ट में क्या सामने आया?

इस विवाद में प्रशासन की 15 अप्रैल 2025 की रिपोर्ट भी महत्वपूर्ण है। विधानसभा अध्यक्ष के स्पष्टीकरण और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महाराष्ट्र राज्य मानवाधिकार आयोग में दर्ज शिकायत के बाद अलिबाग के अपर तहसीलदार तथा शेतजमीन न्यायाधिकरण ने मामले की जांच की थी।

प्रशासन की रिपोर्ट में म्हात्रोली के 19 आदिवासी परिवारों के लिए वैकल्पिक जगह पर 19 कमरों के मकान बनाए जाने का उल्लेख है। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ परिवारों ने इन घरों में रहना शुरू कर दिया था, जबकि शेष आठ लोगों को उनकी पसंद के अनुसार घर बनाने के लिए आर्थिक मुआवजा दिया गया था। संबंधित परिवारों के लिखित बयानों में पुनर्वास स्थल को लेकर शिकायत नहीं होने की बात भी दर्ज बताई गई है।

मांडवा सागरी पुलिस स्टेशन की ओर से भी शिकायतों की जांच की गई थी। प्रशासन ने स्थलीय निरीक्षण और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर मानवाधिकार आयोग को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी।

संजय राउत पर भड़के नार्वेकर

नार्वेकर ने संजय राउत के आरोपों को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि राउत पुराने हिसाब-किताब चुकाने के लिए इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। उनके मुताबिक, शिवसेना विधायकों की अयोग्यता के मामले में दिए गए उनके फैसले के कारण राउत उनसे नाराज हैं।

नार्वेकर ने कहा कि राउत बिना तथ्यों की जांच किए आरोप लगाते हैं और अब वह उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि 2024 में दर्ज शिकायतों में उनके या उनके परिवार के खिलाफ कोई शिकायत नहीं थी।

भारत से इन 3 पड़ोसी देशों के लिए चलती हैं ट्रेनें, जानें बांग्लादेश-पाकिस्तान को जाती हैं कितनी रेलगाड़ियां

कौन है एशिया का बॉस? भारत-चीन के बीच कम हुआ पावर गैप, आर्थिक चुनौतियों के बावजूद PM मोदी का दमदार प्रदर्शन

2002 गोधरा कांड में अब तक कितने दोषियों को मिली सुप्रीम कोर्ट से जमानत? जानें 2011 से अब तक की पूरी टाइमलाइन

Ayodhya Janakpur Train: नेपाल के लिए दूसरी ट्रेन बनी सरयू कमला एक्सप्रेस, जानें रूट, टिकट नियम, जरूरी दस्तावेज

अनंत सिंह की बेटी की शाही शादी पर तूफान का साया, बारिश और कीचड़ में डूबा पंडाल, VVIP मेहमानों का हवाई सफर रद्द