Maharashtra Top 10 News 07 October: महाराष्ट्र में आज राजनीति, खेल, नागरिक सुविधाओं और कानून व्यवस्था से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं। एक तरफ जहां MPSC आंदोलन पर बीजेपी के आरोपों से सियासत गरमा गई है, वहीं पुणे की गीता मालुसरे ने तैराकी में ट्रिपल क्राउन जीतकर नया इतिहास रचा है। इसके अलावा, मुंबई-नवी मुंबई एयरपोर्ट शिफ्टिंग पर सरकार का अहम फैसला आया है और राज्य सरकार कन्या भ्रूण हत्या रोकने के लिए कड़े कानून की तैयारी में जुट गई है। आइए जानते हैं महाराष्ट्र की 7 अक्टूबर की सबसे बड़ी और अहम खबरें।
पुणे में चल रहे MPSC छात्रों का आंदोलन को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) के विधायक रोहित पवार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर दावा किया है कि रोहित पवार के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन में 'नाइट लाइफ' और देर रात हुड़दंगबाजी का खेल चल रहा है।प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नवनाथ बन ने कुछ कथित वीडियो फुटेज भी मीडिया के सामने पेश किए।
आईआईटी बॉम्बे ने छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद परीक्षा के दौरान नकल या अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुड़े मामलों में अनुशासनात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया में बदलाव का प्रस्ताव तैयार किया है। संस्थान ने नए नियमों का एक ड्राफ्ट तैयार किया है, जिसके तहत किसी छात्र के अनुचित साधनों का इस्तेमाल करते पकड़े जाने पर उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई नहीं की जाएगी। पहले छात्र का पक्ष सुना जाएगा और उसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
मराठा आंदोलनकारी मनोज जरांगे पाटिल अपने पूर्व सहयोगियों के कारण लगातार विवादों में घिर रहे हैं। अजय बारस्कर और रेखा कोंडे ने अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंसों में मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील पर करोड़ों रुपये के घोटाले और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। बारस्कर ने जरांगे को 'संघर्ष योद्धा' के बजाय 'टेंडर योद्धा' बताते हुए इस पूरे मामले के सबूत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को सौंपने का ऐलान किया है।
पुणे की ओपन वॉटर तैराक गीता महेश मालुसरे ने महज 96 दिनों में इंग्लिश चैनल, कैटालिना चैनल और न्यूयॉर्क की 20 ब्रिजेस स्विम पूरी कर ‘ओपन वॉटर स्विमिंग ट्रिपल क्राउन’ हासिल किया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह भारत की पहली महिला तैराक बन गई हैं। कम समय में ट्रिपल क्राउन पूरा करने वाली वह दुनिया की छठी और एशिया की दूसरी महिला भी हैं।
बजाज पुणे ग्रैंड टूर को यूनियन साइक्लिस्ट इंटरनेशनेल (UCI) 2.2 से बढ़ाकर यूसीआई 2.1 श्रेणी में शामिल किया गया है। वर्ष 2027 की प्रतियोगिता 26 से 31 जनवरी के बीच पुणे और पुणे जिले के विभिन्न हिस्सों में छह चरणों में आयोजित की जाएगी। मॉन्ट्रियल, कनाडा में हुई यूसीआई कांग्रेस में पुणे को 2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी देने का निर्णय लिया गया है। यूसीआई के अनुसार, रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप पहली बार भारत में आयोजित होगी और इसके लिए पुणे का चयन किया गया है।
मुंबई एयरपोर्ट से नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को स्थानांतरित करने की योजना फिलहाल टाल दी गई है। नागर विमानन मंत्रालय ने अदाणी एयरपोर्ट्स से कहा है कि इस संबंध में आगे चर्चा होने तक उड़ानों की शिफ्टिंग का फैसला न लिया जाए। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) ने एयरलाइंस से कहा था कि वे 25 अक्टूबर तक मुंबई एयरपोर्ट से संचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में 33 प्रतिशत तक कटौती करें या कुछ उड़ानों को बंद करें।
महाराष्ट्र में गिरते लिंगानुपात और जन्म से पहले अवैध लिंग जांच के जरिए होने वाली कन्या भ्रूण हत्या पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार अब आर-पार के मूड में है। लिंग चयन और भ्रूण हत्या में संलिप्त फर्जी डॉक्टरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए 'प्री-कन्सेप्शन एंड प्री-नेटल डायग्नोस्टिक टेक्नीक्स (PCPNDT) एक्ट, 1994 और 2003' में बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है। स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि आगामी महाराष्ट्र विधानमंडल के शीतकालीन सत्र के दौरान कानून में संशोधन के लिए एक विशेष विधेयक विधानसभा में पेश किया जाएगा।
मुंबई के बोरीवली वेस्ट स्थित मशहूर राधाकृष्ण होटल-बुफे-फास्ट फूड में पिछले दिनों डोसे के भीतर मरा हुआ चूहा मिला था। इसका वीडियो वायरल कर होटल मालिक से 25 लाख की रंगदारी मांगने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने ट्रैप लगाकर 2 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
महाराष्ट्र के नासिक जिले में नासिक-अहमदाबाद हाईवे पर बड़ा हादसा हुआ। पेठ तालुका अंतर्गत करंजाली के पास स्थित सावलघाट क्षेत्र में एक यात्री बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नागपुर जिले के पुलिस आयुक्त (CP) विश्वास नांगरे पाटिल ने कथित अनियमितताओं और टीम के कुछ सदस्यों के खिलाफ मिली शिकायतों के बाद अपने स्पेशल एस्कॉर्ट स्क्वॉड को भंग कर दिया है। करीब आधा दर्जन पुलिसकर्मियों वाली यह टीम पिछले कुछ सप्ताह से शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अचानक छापेमारी को लेकर चर्चा में थी।