विधान परिषद की 5 सीटों पर कड़ा मुकाबला।
नागपुर में कोहले-वांजरी के बीच टक्कर।
पुणे में हर्षदा देशमुख और कौस्तुभ गावडे आगे।
Maharashtra MLC Election Counting Results: महाराष्ट्र विधान परिषद की 5 सीटों पर मंगलवार को शुरू हुई मतगणना में देर रात तक उलटफेर होता रहा। राज्य में सत्तारूढ़ महायुति सरकार की अग्निपरीक्षा कहे जाने वाले इन चुनावों में परिणामों पर से असली परदा तो बुधवार तड़के तक ही उठने की उम्मीद है।
समाचार लिखे जाने तक सभी सीटों पर महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। 23 अक्टूबर को हुए चुनावों में स्नातक की 3 सीटें और शिक्षक विधायक की 2 सीटों का समावेश है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृहक्षेत्र नागपुर में भाजपा के सुधाकर कोहले और कांग्रेस के अभिजीत वंजारी के बीच नजदीकी जंग देखने को मिली। पिछले चुनावों में कांग्रेस ने जब बीजेपी से उसकी 52 वर्ष से कब्जाई सीट छीनी थी तब पार्टी की भारी फजीहत हुई थी। बीजेपी ने इस बार सीट को अपनी प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए बहुत सारे समीकरण बिछाए थे।
कांग्रेस विधायक वंजारी को निपटाने के इरादे से राकां पवार गुट के बागी नितेश कराले को मैदान में उतारा गया था। बीजेपी ने अपने बागी अनिल सोले को मना तो लिया था लेकिन परिणाम पर देर रात तक उसका असर नहीं दिखाई दिया। दूसरे राउंड में भी कड़ी टक्कर देखी गई।
अमरावती शिक्षक सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिला। शिंदे गुट के विधायक किरण सरनाईक अपनी सीट बचाने के लिए जद्दोजहद करते नजर आए। पहले राउंड में उन्होंने बढ़त बनाई थी। यहां दूसरे नंबर पर निर्दलीय श्रीकांत देशपांडे ने जगह बनाई थी, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी अदिति पोहरे तीसरे नंबर पर थीं। दूसरे राउंड में सरनाईक ने निर्णायक बढ़त बना ली थी।
मराठवाड़ा में अजीत पवार गुट के विधायक सतीश चव्हाण की राह खतरे में दिखाई दे रही थी। राकां पवार गुट के डॉ. प्रतापसिंह पाटिल ने उन्हें पहले राउंड में काफी पीछे छोड दिया था। दूसरे राउंड में चव्हाण ने करीब 7000 वोट से ज्यादा की बढ़त बना ली थी। उद्धव गुट की मशाल पर दिलीप घुगे ने 10,926 वोट लेकर समीकरण बिगाड़ दिए।
पुणे शहर स्नातक सीट पर राकां पवार गुट की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख की सरप्राइज बढ़त ने सभी को हैरत में डाल दिया। बीजेपी ने बहुत ही उम्मीदों के साथ यहां पर स्मिता जाधव को मैदान में उतारा था। देर रात तक जो समीकरण देखने को मिले, उसमें बीजेपी के समीकरणों की हवा निकली नजर आ रही थी। अंतिम परिणाम आने के बाद ही पता चल सकेगा कि पवार का दबदबा पुणे में अब भी है या नहीं। वहीं पुणे की शिक्षक विधायक सीट पर भाजपा के कौस्तुभ गावडे ने बढ़त बनाई हुई थी। कांग्रेस के जयत आसगांवकर दूसरे नंबर पर चल रहे थे।