Chhatrapati Sambhajinagar ATS Raid: पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी व उससे जुड़े डोगर गैंग के महाराष्ट्र में बढ़ते नेटवर्क पर आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्यभर में एक साथ छापेमारी की। शहर में 17 लोगों से सघन पूछताछ करने के बाद सभी को छोड़ दिया गया। इनमें गैंगस्टर से जुड़े रिश्तेदार व संपर्क में रहने वाले कुछ लोग शामिल थे। इस कार्रवाई से शहर संग पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है।
एटीएस को गोपनीय सूचना मिली थी कि शहजाद भट्टी का नेटवर्क डोगर गैंग के जरिए महाराष्ट्र में फैलाया जा रहा है। इसी आधार पर शहर के अलावा नालासोपारा, मीरा रोड, मुंबई, पुणे, नागपुर, व जलगांव सहित कई शहरों में एक साथ छापेमारी की गई। छत्रपति संभाजीनगर शहर में 17 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था। सूत्रों के अनुसार, संगीन प्रकरण में एमआईडीसी वालूज क्षेत्र और शहर के कुछ लोगों के संपर्क सामने आए हैं। आशंका जताई जा रही है कि स्थानीय स्तर पर नेटवर्क फैलाने अकोला, नांदेड़, नासिक की पूरी कोशिश की जा रही थी।
ये भी पढ़ें :- Water Crisis: छत्रपति संभाजीनगर शहर 900 मिमी जलवाहिनी पूर्ण क्षमता से शुरू करने के महापौर के निर्देश
फेसबुक व इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए गैंगस्टर्स से संपर्क रखने वाले, उनकी पोस्ट पर प्रतिक्रिया देने वाले व समर्थन करने वाले कई लोग एटीएस की रडार पर आए हैं। डिजिटल कनेक्शन के जरिए नेटवर्क के विस्तार की भी कड़ी जांच जारी है। पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क को स्थानीय स्तर पर किस प्रकार की मदद मिल रही थी।
पैसों के लेन-देन, जानकारी उपलब्ध कराने व लॉजिस्टिक सपोर्ट जैसे मामलों में संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है। जब्त किए गए डिजिटल सबूतों का विश्लेषण जारी है व आने वाले दिनों में बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।