मुंबई में लोकल ट्रेनें ठप (फोटो.सोशल मीडिया)  
महाराष्ट्र

मुंबई में लोकल ट्रेनें ठप: वसई-विरार ट्रैक डूबा, 300mm बारिश से रेल सेवा प्रभावित, CSMT समेत स्टेशनों पर भारी

Mumbai Local Train: वसई-विरार में 300 मिमी बारिश के कारण रेल पटरियाँ डूब गईं, जिससे लोकल ट्रेन सेवा ठप हो गई है। सीएसएमटी सहित कई स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है।

रूपम सिंह

Mumbai Western Railway: पालघर और सह्याद्री घाट क्षेत्र में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने मुंबई महानगर क्षेत्र की रेल सेवाओं को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। वसई, नालासोपारा और विरार के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भर जाने से वसई रोड-विरार लोकल ट्रेन सेवा कई घंटों तक बंद रही। वहीं चर्चगेट से वसई रोड के बीच चलने वाली लोकल ट्रेनें 30 से 40 मिनट की देरी से संचालित हुईं।

300 मिमी बारिश के बाद रोकी गई लोकल सेवा

वसई-विरार क्षेत्र में कुछ ही घंटों के भीतर लगभग 300 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार जलभराव बढ़ने के कारण सुबह करीब 9 बजे सुरक्षा के मद्देनजर वसई रोड-विरार रेल खंड पर लोकल ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने हालात सामान्य होने के बाद सेवाओं को बहाल करने के प्रयास शुरू किए।

मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें भी हुईं प्रभावित

भारी बारिश का असर केवल उपनगरीय रेल सेवाओं तक सीमित नहीं रहा। कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें भी विरार स्टेशन के आसपास फंस गईं। रेल सेवाएं प्रभावित होने से वसई, विरार, नालासोपारा, बोरीवली, अंधेरी, दादर, ठाणे और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। बड़ी संख्या में लोगों ने बस, ऑटो, टैक्सी और निजी वाहनों का सहारा लिया, जिससे सड़क यातायात पर भी अतिरिक्त दबाव देखने को मिला।

मध्य और हार्बर लाइन भी रहीं प्रभावित

मुंबई मध्य रेलवे पर कांजुरमार्ग और भांडुप स्टेशन के बीच ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर (ओएचई) में प्लास्टिक फंसने से मुख्य लाइन का संचालन प्रभावित हुआ। वहीं हार्बर लाइन पर गुरु तेग बहादुर नगर स्टेशन के पास पेड़ की शाखा गिरने के कारण ट्रेनों का संचालन 15 से 20 मिनट तक विलंबित रहा। इसके अलावा कर्जत-खोपोली रेल मार्ग पर पटरियों के नीचे की गिट्टी बह जाने से भी रेल यातायात बाधित हुआ।

यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था

रेल सेवाएं बाधित होने के बाद पश्चिम रेलवे ने वसई रोड और विरार के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष बस सेवा शुरू की। प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए, जहां यात्रियों को ट्रेनों की स्थिति और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की जानकारी दी गई। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और ट्रेन संचालन से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर रखने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

17 हजार फीट की ऊंचाई पर IndiGo विमान पर गिरी बिजली, पायलट ने कराई सुरक्षित लैंडिंग

फिल्म हनुमान अंश से कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, बढ़ती भीड़ बनी खतरा; भक्तों की सुरक्षा बड़ी चुनौती

दो दिन, दो हिरासत और धरना प्रदर्शन...राहुल गांधी के अभियान में अब आगे क्या? खुद बताया

INDIA Alliance: कांग्रेस का हल्ला बोल, कल मनाएगी काला दिन; ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक जारी रहेगी जंग

INDIA ब्लॉक के प्रदर्शन पर BJP का पलटवार! सुधांशु त्रिवेदी बोले- निहायत दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय