महाराष्ट्र लाइव ब्लॉग 
महाराष्ट्र

Maharashtra News Live Aug 09: एक क्लिक में पढ़ें दिन भर की पूरी खबरें

Maharashtra Live Updates: महाराष्ट्र में 9 अगस्त की दिन भर की हर छोटी- बड़ी खबरें पढ़िए नवभारत लाइव ब्लॉग में....

आकाश मसने

Maharashtra Breaking News LIVE Updates: पुणे शहर और जिले की सीमाएं अब पहले से अधिक विस्तृत हो गई हैं। पिंपरी-चिंचवड और हड़पसर से आगे के क्षेत्र भी तेजी से बढ़ रहे हैं। इन बढ़ते क्षेत्रों को देखते हुए पुणे महानगर पालिका की सीमा बढ़ाकर आसपास के नए गांवों को शामिल किया गया है। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने घोषणा की है कि चाकण क्षेत्र में एक महानगरपालिका, हिंजवडी क्षेत्र में एक महानगरपालिका और मांजरी, फुरसुंगी तथा उरली देवाची जैसे इलाकों के लिए एक नई महानगरपालिका बनाई जाएगी।

भ्रष्ट सरकार के खिलाफ यूबीटी करेगी राज्यव्यापी आंदोलन

पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) पार्टी ने महाराष्ट्र की सत्तारूढ़ महायुति सरकार के शासनकाल में भ्रष्टाचार बेतहाशा बढ़ने का दावा करते हुए सोमवार को राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। यूबीटी का दावा है कि महायुति सरकार के भ्रष्ट मंत्रियों की विभिन्न गतिविधियों के कारण देश भर में महाराष्ट्र की बदनामी हो रही है। इसलिए सोमवार को दोपहर 12 बजे राज्य भर के जिला कलेक्टर कार्यालयों के सामने यूबीटी की ओर से राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा। ताकि राज्य की जनता को सरकार के भ्रष्टाचार से अवगत कराया जा सके।

उत्तरकाशी भूस्खलन, बाढ़ में महाराष्ट्र के पर्यटक सुरक्षित

महाराष्ट्र के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने शनिवार को कहा कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के धराली और हर्षिल क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन और बाढ़ में फंसे महाराष्ट्र के पर्यटकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। इन पर्यटकों को जॉली ग्रांड हवाई अड्डे और मटाली कैंप लाया गया है और वे सुरक्षित हैं। तो वहीं पर्यटक कृतिका जैन की तलाश अभी जारी है। संबंधित एजेंसियां इस पर काम कर रही हैं। मंत्री महाजन ने बताया कि इनमें से अधिकांश पर्यटक आज महाराष्ट्र लौट जाएंगे और कुछ पर्यटक अपनी अगली यात्राओं के लिए रवाना हो गए हैं।

देवा भाऊ 1500 नहीं, अवैध खनन बंद कराएं, लाडलियों ने लिखा खून से खत

राज्य सरकार ने 'मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहिण' (लाडली बहन) योजना की जुलाई महीने की किस्त रक्षाबंधन के अवसर पर लाभार्थी महिलाओं के खातों में जमा कराने निर्णय लिया था। उक्त निर्णय के अनुरूप योजना के 1500 रुपए लाडली बहनों के खातों में जमा होने शुरू हो गए हैं। लेकिन सातारा की कुछ लाडली बहनों ने रक्षाबंधन के मौके पर 1500 रुपए की बजाय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से एक अलग मांग की है। उन्होंने अवैध खनन को बंद कराने की अपनी मांग खून से लिए पत्र के जरिए सीएम देवेंद्र के समक्ष रखी है।

राज-उद्धव युति पर राउत का बड़ा बयान

शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) पार्टी के सांसद संजय राउत ने शनिवार को निकाय चुनाव में महाविकास आघाड़ी के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने उद्धव और राज ठाकरे के गठबंधन की पुष्टि करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन लोकसभा चुनाव के लिए था तो वहीं विधानसभा चुनाव के लिए महाविकास आघाड़ी बनाई गई थी। लेकिन, फिलहाल मुंबई महानगरपालिका (मविआ) सहित स्थानीय निकाय चुनावों के लिए कोई गठबंधन या आघाड़ी नहीं बनाई गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें

अनंत चतुर्दशी की छुट्टी करें बहाल

गणेशोत्सव समिति ने अनंत चतुर्दशी की छुट्टी रद्द करने के राज्य सरकार के फैसले का चौतरफा विरोध किया जा रहा है। महाराष्ट्र में अनंत चतुर्दशी के दिन पिछले 30 वर्षों से छुट्टी होती आ रही है, लेकिन इस ‍वर्ष अचानक छुट्टी रद्द करने से कई समस्याएं खड़ी हो सकती हैं। इसलिए, बृहन्मुंबई सार्वजनिक गणेशोत्सव समन्वय समिति ने अनंत चतुर्दशी की छुट्टी बहाल करने की मांग की है।

CM फडणवीस ने शरद पवार के दावे पर उठाए सवाल

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को राकांपा (एसपी) नेता शरद पवार के उस दावे पर सवाल उठाया है जिसमें उन्होंने कहा कि 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले दो व्यक्तियों ने नयी दिल्ली में उनसे मुलाकात की थी और 288 में से 160 निर्वाचन क्षेत्रों में विपक्ष की जीत की ‘‘गारंटी'' दी थी। पूरी खबर यहां पढ़ें

मुंबई एयरपोर्ट पर नेटवर्क फेल, चेक-इन और बोर्डिंग पास प्रिंट में हो रही दिक्कत

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नेटवर्क पूरी तरह से फेल हो गया है। नेटवर्क फेलियर होने से सारे सिस्टम काम करना बंद कर दिए हैं। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रिया फिलहाल मैन्युअल मोड पर चल रही है। हालांकि, सिस्टम में खराबी आने की वजह से एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई है। पूरी खबर यहां पढ़ें

सुपरमार्केट से कपड़े चुराती पकड़ी गईं दो महिलाएं

मुंबई के पूर्वी उपनगर में एक सुपरमार्केट से चोरी के कपड़े पहनकर बाहर निकलते समय दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना हाल ही में मुलुंड स्थित एक लोकप्रिय सुपरमार्केट में घटी। उन्होंने बताया कि स्टोर प्रबंधक को उस समय शक हुआ जब दो महिलाएं कई कपड़े पहने हुए स्टोर से बाहर निकलने का प्रयास कर रही थीं। जब दोनों ने सहयोग करने से इनकार कर दिया तो कर्मचारियों ने उन्हें रोक लिया और पुलिस को सूचित किया। आरोपी महिलाएं कई अन्य कपड़ों और जूतों के बीच चार सूती पतलून ठूंसकर ले जा रही थीं। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

नवी मुंबई में कंपनी के कर्मचारी के खिलाफ गबन के आरोप में मामला दर्ज

नवी मुंबई में एक कंपनी के कर्मचारी के खिलाफ तीन महीने में कंपनी के खाते से 33.25 लाख रुपये का गबन करने के आरोप में एक मामला दर्ज किया गया है।  एपीएमसी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अजय शिंदे ने बताया कि आरोपी की पहचान अनिल कदम के रूप में हुई है, जिसने एक नवंबर 2024 और छह फरवरी 2025 के बीच कंपनी के बैंक खातों से बिना अनुमति के पैसे निकाले और उसका निजी इस्तेमाल किया। वह वाशी में कंपनी के विपणन और यातायात विभाग में काम करता था। आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गयी है। इस संबंध में फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।

सेक्स वर्करों ने मनाया रक्षा बंधन पर्व

एशिया के सबसे बड़े सेक्स वर्करों के क्षेत्र दक्षिण मुंबई के कमाठीपुरा, फाकलेंड रोड, जमना मेंशन में देह व्यापार से जुड़ी महिलाओं ने रक्षा बंधन पर्व मनाया। सामाजिक संस्था सोशल एक्टिविटीज इंटिग्रेशन की ओर से भायखला ( पश्चिम ) एस ब्रिज के पास आयोजित 34वें रक्षाबंधन समारोह में संस्था के संचालक विनय वस्त ने कहा कि गरीब, वंचित और उपेक्षित महिला यौनकर्मियों के साथ को भी  सामाजिक उत्सवों के साथ जीवन बिताने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि 1991 में सेक्स वर्करों का जीवन सुधारने के उद्देश्य से कार्यक्रम की शुरुआत की गई थी। एड्स रोग के प्रति जागरूकता शुरू की गई। रेड लाइट एरिया में रहने वाली सेक्स वर्करों के बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी संस्था निभा रही है। बच्चों को स्कूल से आने के बाद उन्हें ट्यूशन भी दिला रही है। संस्था गीव इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से भिवंडी में एक शेल्टर होम बनाने के लिए प्रयास कर रही है जहां का अनुकूल माहौल इन बच्चों को बेहतर नागरिक बनाएगा।

पूरा चुनाव आयोग अकेले राहुल गांधी से ही डिबेट कर ले: आदित्य ठाकरे

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के चुनाव आयोग पर लगाए आरोपों का शिवसेना (यूबीटी) विधायक आदित्य ठाकरे ने समर्थन किया है। साथ ही दावा किया कि उनकी पार्टी पहले से ही ये कहती आ रही है। आदित्य ठाकरे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हम पहले से ही कहते आ रहे हैं कि देश में जगह-जगह वोटों की चोरी हो रही है। ऐसा हमने महाराष्ट्र चुनाव में हारने के बाद नहीं, बल्कि लोकसभा चुनाव से कहा है। राहुल गांधी ने जो तथ्य सामने रखे हैं, वे हवा में की गई बातें नहीं हैं, बल्कि सबूत के साथ वोट की चोरी को पकड़ा है। कुछ लोग पांच-पांच बार अलग-अलग वोटिंग कर चुके हैं। उनका फोटो और नाम एक है, लेकिन उन्होंने अलग-अलग जगहों पर वोट किया है।" उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग चुनौती देने के बजाय एक काम करे कि राहुल गांधी के साथ डिबेट करे।

स्वदेशी मार्केट के दुकानदारों की जीत

दक्षिण मुंबई में 130 वर्ष पुराने स्वदेशी मार्केट के भविष्य को लेकर चल रही लंबी कानूनी लड़ाई में दुकानदारों को बड़ी जीत मिली है। नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्राइब्यूनल (एनसीएलएटी) ने वर्तमान बोर्ड द्वारा लोकतांत्रिक चुनावों में देरी या उन्हें रोकने के सभी प्रयासों को खारिज कर दिया है। ट्राइब्यूनल ने पुष्टि की कि आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) न्यायिक पर्यवेक्षण में आयोजित की जाएगी।  यह विरासत कपड़ा बाजार ‘सैकड़ों खुदरा कारोबारियों का घर है’ एक ऐसी कंपनी के रूप में पंजीकृत है, जिसमें हर दुकानदार एक शेयरधारक है।

रायगढ़ में ध्वजारोहण को लेकर शिंदे-अजीत के मंत्रियों में नोकझोंक

स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 15 अगस्त को होनेवाले ध्वजारोहण के मुद्दे पर महायुति के दोनों प्रमुख दलों के मंत्री एवं नेता एक बार फिर से एक दूसरे से भिड़ते नजर आ रहे हैं। 15 अगस्त को रायगढ़ जिले में ध्वजारोहण का अधिकार पाने के लिए डीसीएम शिंदे की शिवसेना तथा डीसीएम अजीत की राकां के बीच जबरदस्त रस्साकशी चल रही है। दोनों पक्ष अपना दावा ठोकते हुए एक दूसरे के खिलाफ ताल ठोंक रहे हैं। इससे पहले 1 मई को महाराष्ट्र दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री कार्यालय ने अदिती तटकरे ध्वजारोहण का अधिकार दिया था। लेकिन इस बार मंत्री भरत गोगावले ने ध्वजारोहण का अधिकार मिलना तय मान कर अपने स्तर पर पूरी आक्रामकता के साथ शक्ति प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी है। इसी के साथ दोनों गुटों के बीच एक बार फिर से तीखी नोकझोंक का सिलसिला भी शुरू हो गया है।

अजित पवार के साथ आने की अटकलों पर शरद पवार ने क्लियर किया अपना स्टैंड

महाराष्ट्र की राजनीति का बड़ा चेहरा और एनसीपी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार ने अपने भतीजे और उप मुख्यमंत्री अजित पवार को लेकर बड़ा बयान दे दिया है। उन्होंने अविभाजित एनसीपी की वापसी की सभी अटकलों को साफ तौर पर खारिज कर कहा है कि वह अजित पवार के साथ वापस नहीं आएंगे. शरद पवार ने स्पष्ट रूप से कहा है कि वह कभी भी बीजेपी समर्थित गठबंधन का हिस्सा नहीं बनना चाहते।

निर्वाचन आयोग को ‘वोट चोरी' पर राहुल गांधी की प्रस्तुति की जांच करनी चाहिए: शरद पवार

शरद पवार ने कहा कि वोट चोरी पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रस्तुति अच्छी तरह से शोध एवं दस्तावेजों पर आधारित थी तथा इस मामले की जांच करना निर्वाचन आयोग (ईसीआई) का काम है। पवार ने यहां एक प्रेसवार्ता में स्वीकार किया कि विपक्षी महा विकास आघाड़ी को महाराष्ट्र में चुनाव से पहले अधिक सावधान रहना चाहिए था। उन्होंने कहा, ‘‘हमें पहले ही इस पर गौर करना चाहिए था और सावधानी बरतनी चाहिए थी।

मुंबई में एक यात्री के बैग में मिले 50 एल्बिनो रेड ईयर स्लाइडर

मुंबई कस्टम विभाग ने बैंकॉक से आए एक यात्री शारुखन मोहम्मद हसियान को सीएसएमआई हवाई अड्डे पर जीवित वन्यजीवों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने एक ट्रॉली बैग में छिपाए गए दो किंकाजू (पोटोस फ्लेवस), दो पिग्मी मार्मोसेट (सेबुएला प्रजाति) और 50 एल्बिनो रेड ईयर स्लाइडर बरामद किए। किंकाजू और पिग्मी मार्मोसेट सीआईटीईएस और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित हैं, जबकि एल्बिनो स्लाइडर सूचीबद्ध नहीं हैं। यात्री को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत गिरफ्तार किया गया था।

अगस्त क्रांति दिवस पर अजित पवार ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया कि 1942 में आज ही के दिन महात्मा गांधी ने ‘करो या मरो' का संदेश देते हुए अंग्रेजों के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन का आह्वान किया था। अगस्त क्रांति केवल स्वतंत्रता का आह्वान नहीं थी, बल्कि स्वतंत्रता के लिए सभी भारतीयों के सामूहिक संकल्प का दृढ़ निश्चय था।

अगस्त क्रांति दिवस: मंत्री छगन भुजबल ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित

अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर शनिवार को एनसीपी नेता और मंत्री छगन भुजबल ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। स्कूली बच्चों सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग ऐतिहासिक मैदान पहुंचे जिसे पहले गोवालिया टैंक के नाम से जाना जाता था। इसी मैदान से आंदोलन शुरू हुआ था।

कैदियों की सुरक्षा ड्यूटी के दौरान लापरवाही, ठाणे के 9 पुलिसकर्मी निलंबित

महाराष्ट्र के ठाणे शहर में सात विचाराधीन कैदियों को मेडिकल जांच के लिए ले जाते समय कथित लापरवाही और ड्यूटी में कोताही बरतने के आरोप में 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि जांच में पाया गया कि 4 अगस्त को जब सात विचाराधीन कैदियों को कलवा सिविक अस्पताल ले जाया गया तो कई गड़बड़ियां हुईं।

हर्षवर्धन सपकाल बोले- तानाशाही के खिलाफ संघर्ष जारी है

अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने मुंबई में मार्च निकाला। इस दौरान महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि यह मार्च महात्मा गांधी के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प है। लोगों को इस देश में तानाशाही लाने के प्रयास के खिलाफ अपना संघर्ष जारी रखना चाहिए, जिसने 'करो या मरो' की स्थिति पैदा कर दी है। आज हम भाजपा को संदेश दे रहे हैं कि वह चली जाए।

अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर कांग्रेस ने मुंबई में निकाला मार्च

महाराष्ट्र कांग्रेस ने अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर भारत छोड़ो आंदोलन की 83वीं वर्षगांठ मनाने के लिए मुंबई में एक मार्च निकाला। इसमें कांग्रेस की महाराष्ट्र ईकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मनसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR, अधिकारी पर कालिख पोतने का मामला

पिछले दिनों नागपुर सुधार प्रन्यास के पदाधिकारी सुरेश चव्हाण पर कुछ मनसे कार्यकर्ताओं ने कालिख पोत दी थी। महाप्रबंधक ने करीब एक हफ्ते बाद पुलिस से शिकायत की। शिकायत में इस मामले में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। मनसे कार्यकर्ताओं ने पूर्व नागपुर विभागीय कार्यालय में 10 साल से कार्यरत चव्हाण पर कई मामलों में अनियमितताओं का आरोप लगाया था। उन्होंने कार्रवाई के लिए कई बार ज्ञापन दिए थे लेकिन उनकी अनदेखी की गई। इसी से क्षुब्ध होकर मनसे कार्यकर्ताओं ने 31 जुलाई को चव्हाण के पास पहुंचकर उनके चेहरे पर कालिख पोत दी।

नागपुर में सड़क खुदाई में कंकाल मिलने से हड़कंप

नागपुर के सक्करदरा क्षेत्र में सड़क खुदाई के दौरान मानव कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। पूरे इलाके में खबर तेजी से फैल गई। देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर आला अधिकारियों समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके पश्चात फोरेंसिक टीम को मामले की जानकारी दी गई। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सक्करदरा थानांतर्गत बेसा पावर हाउस के पास सड़क की खुदाई का कार्य शुरू है। शुक्रवार की रात करीब 10.15 बजे खुदाई के दौरान मानव कंकाल मिला।

सीएम फडणवीस ने राहुल गांधी पर कसा तंज

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर तंज कसते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे लगता है कि हाल ही में राहुल गांधी ने सलीम-जावेद से संपर्क कर एक स्क्रिप्ट लिखवाई है। यह एक बहुत ही मनोरंजक स्क्रिप्ट है, जिसे वह हर जगह पेश कर रहे हैं। हालांकि, यह हमारे लिए मनोरंजक नहीं है क्योंकि उनके द्वारा बताई गई कोई भी बात तथ्यात्मक नहीं है। वह जो कुछ भी पेश कर रहे हैं, वह काल्पनिक है।

महाराष्ट्र में 3.33 लाख राशन कार्डधारकों को अनाज देना बंद किया

महाराष्ट्र सरकार ने अंत्योदय और प्राधान्य योजना के तहत पिछले 6 महीनों से अनाज नहीं उठाने वाले लगभग 3.33 लाख राशन कार्डधारकों का अनाज वितरण बंद करने का आदेश जारी किया है। इसके तहत अब यह बचा हुआ अनाज प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) में शामिल पात्र लाभार्थियों को दिया जाएगा। राज्य सरकार ने अब ऐसे लाभार्थियों का कोटा बंद करने का निर्णय लिया है, जो पात्र होते हुए भी लगातार 6 महीने से राशन नहीं उठा रहे हैं। इससे वंचित प्रतीक्षा सूची में शामिल लोगों को अनाज मिल सकेगा। राज्य सरकार के अनुसार, 3,33,881 राशन कार्डधारकों ने पिछले छह महीनों से अनाज नहीं उठाया है। इन कार्डधारकों का अनाज अब प्रतीक्षा सूची में शामिल लोगों को वितरित किया जाएगा।

रितु मालू मामले में PI व PSI के खिलाफ CID करेगी जांच

नागपुर बहुचर्चित रितु मालू रामझूला हिट एंड रन केस में सबूत नष्ट करने और मामला छिपाने के आरोप में कोर्ट ने सीआईडी को पुलिस निरीक्षक और पुलिस उपनिरीक्षक के खिलाफ जांच का आदेश दिया है।

पुणे में बनेंगी 3 नई महानगर पालिका, डिप्टी सीएम ने की घोषणा

उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने घोषणा की है कि चाकण क्षेत्र में एक महानगर पालिका, हिंजवडी क्षेत्र में एक महानगरपालिका और मांजरी, फुरसुंगी तथा उरली देवाची जैसे इलाकों के लिए एक नई महानगरपालिका बनाई जाएगी। यह घोषणा अजित पवार ने शुक्रवार सुबह चाकण औद्योगिक क्षेत्र में पुणे-नासिक और तलेगांव-शिक्रापुर महामार्गों पर हो रही भीषण यातायात जाम की समस्या को हल करने के लिए आयोजित समीक्षा बैठक के बाद की।

‘महादेवी हाथिनी’ विवाद समाप्त, पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने किया ऐलान

कोल्हापुर की महादेवी हाथिनी को लेकर चल रहे विवाद के लगभग समाप्त होने की घोषणा स्वाभिमानी पक्ष के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने शुक्रवार है। उन्होंने बताया कि महादेवी हाथिनी को लेकर जो विवाद खड़ा हुआ था, वह अब लगभग खत्म हो गया है। वनतारा प्रशासन ने महादेवी पर जो उपचार वनतारा में करने थे, वे अब नांदणी मठ के आसपास एक केंद्र बनाकर करने का आश्वासन दिया है।

INDIA Alliance Protest Live: सांसदों का पैदल जंतर-मंतर मार्च; पुलिस से झड़प, कई कांग्रेसी नेता गिरफ्तार

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक चार मंजिला इमारत गिरी, कई लोग मलबे में दबे

प्रदर्शन के दौरान पुलिस पहनेगी बॉडी कैमरा? दिल्ली HC के फैसले का मतलब समझें

PM Modi 25 Years of Seva Live: जनसेवा के 25 साल पूरे, सेवा संकल्प की ली शपथ, अमित शाह ने गिनाई उपलब्धियां

देवभूमि से बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद: PM मोदी के 25 साल के बेमिसाल सफर पर CM धामी ने की दीर्घायु होने की कामना