NCW Action On Kolhapur Exploitation Case: महाराष्ट्र के कोल्हापुर से सामने आए महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के बड़े पैमाने पर यौन शोषण के मामले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया के जाल में फंसाकर मासूमों की जिंदगी बर्बाद करने वाले इस गिरोह पर अब राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने अपना शिकंजा कस दिया है। आयोग ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए इसे बेहद चिंताजनक और जघन्य करार दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोल्हापुर जिले के हातकणंगले तालुका के पुलाची शिरोली गांव में महिलाओं के यौन शोषण और अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। इस घिनौने खेल का मुख्य आरोपी एक 22 वर्षीय युवक है। मुख्य आरोपी शाहिद सनाडे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी शाहरुख देसाई फिलहाल फरार है। आरोप है कि उसने सोशल मीडिया के माध्यम से भोली-भाली महिलाओं और कम उम्र की लड़कियों को अपने जाल में फंसाया। आरोपी पहले उनसे दोस्ती करता था और फिर उन्हें बहला-फुसलाकर उनका शारीरिक शोषण करता था। इस दौरान वह आपत्तिजनक वीडियो और फोटो रिकॉर्ड कर लेता था, जिसका इस्तेमाल बाद में पीड़ितों को ब्लैकमेल करने के लिए किया जाता था। राष्ट्रीय महिला आयोग को आशंका है कि यह किसी बड़े आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जो सुनियोजित तरीके से डिजिटल प्लेटफॉर्म का दुरुपयोग कर रहा है।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा है कि इस तरह के कृत्यों से पीड़ितों को गंभीर शारीरिक और मानसिक आघात पहुंचता है। यह समाज में, विशेषकर महिलाओं और परिवारों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करता है। आयोग ने डिजिटल सुरक्षा और साइबर निगरानी की विफलता पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र लिखकर तत्काल और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि पीड़ितों को काउंसलिंग, चिकित्सा सहायता और पुनर्वास (Rehabilitation) प्रदान करना पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। NCW ने इस पूरे मामले पर 7 दिनों के भीतर कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
यह भी पढ़ें:- मुंबई में पहलगाम जैसा आतंकी हमला! गार्ड्स से पूछा धर्म, कलमा नहीं पढ़ा तो मारा चाकू, क्या बोले CM फडणवीस?
यह घटना एक चेतावनी है कि कैसे सोशल मीडिया अपराधियों के लिए हथियार बनता जा रहा है। आयोग ने महिलाओं से अपील की है कि वे ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संकट की स्थिति में NCW हेल्पलाइन नंबर 14490 पर संपर्क करें।