Jalgaon Student Suicide On Raksha Bandhan: महाराष्ट्र के जलगांव जिले से एक दिल नहला देने वाली घटना सामने आई है। रक्षाबंधन के ही दिन 11वीं कक्षा के एक छात्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस दुखद कदम को उठाने से ठीक पहले छात्र ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर अपनी बहन और माता-पिता के लिए बेहद भावुक पोस्ट किया था। घटना के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है।
मृतक छात्र की पहचान 17 वर्षीय रोहित साहेबराव धनगर के रूप में हुई है। वह जो कला स्ट्रीम में 11वीं का पढ़ाई कर रहा था। रोहित जलगांव के जूना असोदा रोड इलाके का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन रोहित अपने पिता के साथ अपनी बहन के पास रक्षाबंधन मनाने गया था। बहन से राखी बंधवाने के बाद वह अपने पिता के साथ खुशी-खुशी बाइक से वापस घर लौटा था। लेकिन घर पहुंचते ही उसने ऐसा कदम उठाया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
घर पहुंचने के बाद रोहित ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपनी बहन के साथ एक तस्वीर पोस्ट की और साथ ही एक भावुक संदेश भी लिखा। रोहित ने लिखा, "सबका ख्याल रखना दीदी। मम्मी-पापा को अकेला मत छोड़ना। मैं जा रहा हूं।" रोहित ने एक और स्टेटस पोस्ट किया जिसमें लिखा था, "अगली बार जब मैं आऊंगा, तो मैं सबका पसंदीदा बनूंगा।"
मिली जानकारी के अनुसार, रोहित ने अपने स्टेटस पर एक और मैसेज पोस्ट किया, जिसमें लिखा था, "जब मैं अगली बार आऊंगा, तो मैं सबका चहेता बनूंगा। मैं सारे बचे हुए घाव मिटा दूंगा। तुम्हारी आंखों में आंसू नहीं होंगे, और मैं तुम्हारे दिल से कुछ भी नहीं छीनूंगा। धन्यवाद..."
प्रारंभिक जानकारी मुताबिक रोहित धनगर ने एक दोस्त को वीडियो मैसेज भी भेजा था, जिसमें उसने कथित तौर पर कहा था कि ऑनलाइन गेम खेलते समय उसने पैसे गंवा दिए थे। संदेश मिलते ही दोस्त रोहित के घर की ओर दौड़ा। हालांकि, उसके पहुंचने तक रोहित ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
घटना का पता चलते ही परिवार वाले तुरंत रोहित को जलगांव के सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले गए। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
जलगांव जिले के शनि पेठ पुलिस स्टेशन ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के संभावित कारणों को समझने के लिए रोहित के सोशल मीडिया पोस्ट और संदेशों की जांच कर रही है। पुलिस मौत से जुड़े हालातों की जांच कर रही है।