

Mumbai Police Cyber Fraud Online Gaming Racket Busted: मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन गेमिंग के जरिए बैंक खातों का दुरुपयोग करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के सरगना समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, कंप्यूटर, प्रिंटर और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। क्राइम ब्रांच यूनिट-2 को गुप्त सूचना मिली थी कि अंधेरी पश्चिम के मरोल क्षेत्र स्थित एक कार्यालय से फर्जी कंपनी के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी और ऑनलाइन गेमिंग के लिए उनका इस्तेमाल किया जा रहा है।
जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग बैंकों में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नए करंट अकाउंट खुलवाते थे। इन खातों से जुड़े डेबिट कार्ड और सिम कार्ड सक्रिय कर उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों, खासकर डिब्रूगढ़ भेजा जाता था, जहां इनका इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग और साइबर फ्रॉड में किया जाता था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 66 एटीएम कार्ड, 12 मोबाइल कंपनियों के सिम कार्ड, 19 बैंक पासबुक, 122 चेकबुक, 2 लैपटॉप, एक कैनन कलर प्रिंटर, 2 पेन ड्राइव और 68 फर्जी रबर स्टैंप बरामद किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ वायुगति पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 8 जुलाई 2026 तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 कर रही है। यह कार्रवाई मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्ण प्रकाश उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त राज तिलक रोशन तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच यूनिट-2 की टीम ने अंजाम दी।
मुंबई पुलिस की इस त्वरित और बड़ी कार्रवाई ने देशव्यापी साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस रैकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और अब तक इन्होंने कितने करोड़ रुपये का फर्जीवाड़ा किया है। डिजिटल युग में ऑनलाइन गेमिंग और फर्जी बैंक खातों के जरिए बढ़ती धोखाधड़ी को देखते हुए, क्राइम ब्रांच ने आम जनता और बैंक अधिकारियों से भी सतर्क रहने की अपील की है ताकि फर्जी दस्तावेजों के सहारे होने वाले ऐसे अपराधों पर लगाम लगाई जा सके।