ठाणे में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (सौ. नवभारत ) 
महाराष्ट्र

ठाणे में उत्साह के साथ मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, हजारों लोगों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

International Yoga Day पर ठाणे में आयोजित भव्य योग शिविर में हजारों नागरिकों ने भाग लिया। योग विशेषज्ञों ने स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।

सूर्यप्रकाश मिश्र

International Yoga Day Celebrated in Thane: भारतीय संस्कृति की 5000 साल पुरानी विरासत ‘इंटरनेशनल योगा डे’ रविवार को ठाणे जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया।

महाराष्ट्र सरकार और केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय के निर्देशों के तहत आयोजित 12वें योग दिवस पर ठाणेकरों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास का नया संकल्प लिया।

इस बार का मुख्य सरकारी कार्यक्रम सुबह ठीक 7.00 बजे ठाणे (कोपरी) स्थित तालुका स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया गया। डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल के मार्गदर्शन में डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ऑफिसर सुवर्णा बारटक्के ने पतंजलि योग समिति, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय और अन्य प्रमुख योग संस्थानों के सहयोग से विशाल योग शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में MLA निरंजन डावखरे, डिप्टी मेयर कृष्णा पाटिल और डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर डॉ. पांचाल विशेष रूप से मौजूद रहे।

स्कूली विद्यार्थियों का सहभाग

सुबह के कॉमन योग प्रोटोकॉल में हजारों स्कूली छात्र, सरकारी कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं और आम नागरिक शामिल हुए। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का प्रदर्शन किया और बताया कि नियमित योग से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और मानसिक शांति मिलती है।

योग को बनाएं अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा

MLA निरंजन डावखरे ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण शैली है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

डिप्टी मेयर कृष्णा पाटिल ने कहा कि ठाणे को स्वस्थ और फिट शहर बनाने के लिए योग सबसे आसान और प्रभावी माध्यम है। डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने बताया कि सरकार का लक्ष्य है कि हर उम्र और वर्ग का व्यक्ति योग का लाभ उठाए, इसलिए जिले भर के स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष योग सत्र आयोजित किए गए।

योग दिवस को और आकर्षक बनाने के लिए जिले में योग कार्यशालाएं, बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, निबंध लेखन और जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। पतंजलि योग समिति और ब्रह्मकुमारी संस्थान के प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को सही मुद्राओं और सांस लेने की तकनीक सिखाई।

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि वे न केवल खुद योग करेंगे, बल्कि अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी योग के लाभों से जोड़ेंगे। ठाणे में इस वर्ष का योग दिवस सिर्फ एक उत्सव नहीं रहा, बल्कि यह सेहतमंद जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक बन गया।

ठाणे से नवभारत लाइव के लिए सूर्यप्रकाश मिश्र की रिपोर्ट

दिल्ली में SIR प्रक्रिया पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, वोटरों का भरोसा बढ़ाने के लिए EC को कदम उठाने का निर्देश

आयुष्मान भारत योजना के 8 साल पूरे, 12.69 करोड़ अस्पताल भर्ती मामलों को मंजूरी, जानें कितनी सफल रही PM-JAY

याचना नहीं अब रण होगा...बिहार के किसान परिवार से निकला वो लड़का, जिसकी कविताओं से थरथराती थी अंग्रेजी सरकार

बॉम्बे हाई कोर्ट की विजय माल्या को सख्त चेतावनी, सोशल मीडिया पर कोर्ट के दस्तावेज न करें पोस्ट

PM मोदी की मिमिक्री पड़ी भारी! विवाद के बाद कॉमेडियन पुलकित मणि के शो रद्द, मिलीं धमकियां