

DK Shivakumar Meets Uddhav Thackeray News: कर्नाटक के मुख्यमंत्री और कांग्रेस के संकट मोचक कहे जाने वाले डीके शिवकुमार शनिवार देर रात को उद्धव ठाकरे से मिलने उनके घर मातोश्री पहुंचे।
शिवसेना (यूबीटी) में जारी अंदरूनी संकट और 'ऑपरेशन टाइगर' की चर्चाओं के बीच इस मुलाकात ने महाराष्ट्र की राजनीति में नए सियासी समीकरणों को लेकर अटकलों का दौर तेज कर दिया है।
डीके शिवकुमार की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब उद्धव ठाकरे की पार्टी के छह लोकसभा सांसदों के बागी तेवर चर्चा में हैं। इन सांसदों के संसदीय दल की बैठक में शामिल नहीं होने के बाद पार्टी के भीतर बड़े विभाजन की आशंका जताई जा रही है। राजनीतिक गलियारों में इसे 2022 में एकनाथ शिंदे की बगावत की पुनरावृत्ति के रूप में देखा जा रहा है।
मातोश्री में हुई इस मुलाकात के दौरान उद्धव ठाकरे की पत्नी रश्मि ठाकरे, युवासेना प्रमुख आदित्य ठाकरे और राज्यसभा सांसद संजय राउत भी मौजूद रहे। इस मुलाकात के बाद डीके शिवकुमार ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि उद्धव ठाकरे और उनके परिवार के साथ गर्मजोशी भरी मुलाकात हुई और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। डीके शिवकुमार की इस मुलाकात के बाद कांग्रेस और शिवसेना (यूबीटी) के रिश्तों को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
कुछ राजनीतिक हलकों में दोनों दलों के बीच और अधिक राजनीतिक समन्वय या भविष्य में किसी बड़े कदम की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि उद्धव ठाकरे ने हाल ही में शिवसेना स्थापना दिवस के कार्यक्रम में इन अटकलों को खारिज करते हुए साफ कहा था कि शिवसेना कांग्रेस में विलय नहीं करेगी। उन्होंने कहा था, 'कुछ लोग सोचते हैं कि शिवसेना कांग्रेस में मिल जाएगी, ऐसा कभी नहीं होगा।'