Sakharitola ZP High School: शैक्षणिक सत्रशुरू हुए करीब दो महीने बीतने को हैं, लेकिन गोंदिया जिले के सालेकसा तहसील के जिप हाईस्कूल साखरीटोला में कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए गणित विषय का शिक्षक उपलब्ध नहीं है। गणित की नियमित कक्षाएं नहीं होने से विद्यार्थियों का शैक्षणिक नुकसान हो रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर जिप सदस्य तथा शाला व्यवस्थापन समिति अध्यक्ष वंदना काले, सरपंच व ग्रामीण अब शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव रणजीतसिंह देवल से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार जिप हाईस्कूल साखरीटोला में नियुक्त शिक्षण सेवक शारदा धुवाधपाडे की शिक्षण सेवक अवधि के दौरान सेवा संलग्नता आदेश जारी कर उन्हें जिप गोरेगांव भेजा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि गोरेगांव में संबंधित विषय के लिए पहले से ही तीन शिक्षक कार्यरत होने के बावजूद यह - नियुक्ति की गई। साखरीटोला हाईस्कूल में 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए गणित शिक्षक की आवश्यकता होने के बावजूद नियुक्त शिक्षिका को गोरेगांव भेजे जाने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जिप सीईओ व शिक्षाधिकारी से कई बार मुलाकात कर सेवा संलग्नता आदेश रद्द करने की मांग की गई।
आदेश रद्द होने के बाद भी संबंधित शिक्षिका साखरीटोला में अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं कर पाई है। आरोप है कि गोरेगांव के प्रभारी मुख्याध्यापक उन्हें कार्यमुक्त करने के लिए तैयार नहीं है। समस्या को लेकर पालक व पदाधिकारियों ने जिप सीईओ तथा शिक्षाधिकारी से कई बार मुलाकात की, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है। जिला स्तर पर अधिकारियों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के चलते शाला समिति अध्यक्ष वंदना काले, सरपंच व ग्रामीण अब शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव रणजीतसिंह देवल से मुलाकात कर अपनी समस्या रखेंगे।
साखरीटोला जिप सदस्य व शाला समिति अध्यक्ष वंदना काले ने कहा कि जिप हाईस्कूल साखरीटोला की छात्र संख्या 500 से अधिक है। इसके बावजूद 9वीं और 10वीं के लिए गणित शिक्षक उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। जिप से बार-बार मांग करने के बावजूद समस्या की अनदेखी की जा रही है। प्रधान सचिव से मुलाकात के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो तीव्र आंदोलन किया जाएगा।